अच्छी खबर- उत्तराखंड में इन कर्मचारियों को मिलेगा समान काम के लिए समान वेतन

उत्तरा न्यूज टीम
1 Min Read

देहरादून। कुमाऊं मंडल विकास निगम और गढ़वाल मंडल विकास निगम के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। आंदोलनरत कर्मचारियों, पर्यटन मंत्री और पर्यटन सचिव के मध्य हुई वार्ता के बाद बीच का रास्ता निकाला गया।

आश्वासन दिया गया कि दोनों निगमों के संविदा कर्मचारियों को समान काम का समान वेतन का लाभ दिया जाएगा। लिखित आश्वासन मिलने पर कर्मचारी महासंघ ने आंदोलन स्थगित करने का ऐलान किया।

बताते चलें कि जीएमवीएन और केएमवीएन के संविदा कर्मचारी नियमितीकरण और समान काम का समान वेतन का लाभ देने की मांग को लेकर बीते 6 अप्रैल से हड़ताल पर थे और 10 अप्रैल से पूर्ण तालाबंदी का ऐलान किया गया था। इसे देखते हुए पहले महासंघ को उत्तराखंड शासन ने वार्ता के लिए बुलाया। मंगलवार की बैठक में कोई नतीजा न निकलने पर बुधवार को सुबह फिर वार्ता हुई जिसके बाद यह अच्छी खबर सामने आई।

जानकारी के अनुसार दोनों निगमों के एमडी और महासंघ के तीन प्रतिनिधियों को मिला कर एक समिति बनाई जाएगी। ये समिति दोनों निगमों की वित्तीय स्थिति का आंकलन कर प्रस्ताव तैयार कर शासन को देगी। इसके बाद शासन समान काम का समान वेतन के प्रस्ताव पर मुहर लगाएगा।