रविवार को ऐतिहासिक अल्मोड़ा जिला जेल में अगस्त क्रांति दिवस मनाया गया। इस दौरान जेल के दरवाजे आगंतुकों के लिए खोले गए। लोगों ने यहां पहुंच कर स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़ी यादें ताजा की।
लोगों ने नेहरू वार्ड का भी अवलोकन किया और नेहरू सहित सभी सेनानियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और देशभक्ति के गीतों से माहौल देशभक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने बच्चों को स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास और उस दौर की परिस्थितियों से अवगत कराया।
अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, मेयर अजय वर्मा, भीम सिंह अधिकारी, डॉ. जेसी दुर्गापाल सहित अनेक लोग इस मौके पर उपस्थित थे।
विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि ऐतिहासिक जिला जेल को भविष्य में संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जेल को दूसरी जगह स्थानांतरित कर इस ऐतिहासिक स्थल को पर्यटकों के लिए खोला जा सकता है। इससे लोग यहां स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी स्मृतियों और इस स्थान से जुड़ी महान हस्तियों के इतिहास को करीब से जान सकेंगे।

