उत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट, पहाड़ी इलाकों में बारिश के संकेत, येलो अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड में लम्बे समय से जारी गर्म और सूखे मौसम के बीच आज राहत भरी खबर आ सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने संकेत…

1200 675 23922174 thumbnail 16x9 pic n aag


देहरादून। उत्तराखंड में लम्बे समय से जारी गर्म और सूखे मौसम के बीच आज राहत भरी खबर आ सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने संकेत दिए हैं कि राज्य के कुछ ऊंचाई वाले जिलों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है। राजधानी देहरादून समेत कई क्षेत्रों में आज बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा के आसार हैं।

राज्य के पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज दोपहर से लेकर शाम तक वर्षा की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली गिरने और तेज हवा चलने के भी आसार हैं।

मौसम विभाग ने संभावित परिवर्तन को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा कर रहे पर्यटकों और आम नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे मौसम अपडेट पर लगातार नजर रखें और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रुकें।

राजधानी देहरादून की बात करें तो यहां आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है और साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

प्रदेशभर में तेज गर्मी से परेशान लोगों को आज के मौसम से कुछ राहत मिल सकती है। देहरादून का अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम की जानकारी पर नजर बनाए रखें और विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें, ताकि किसी भी संभावित आपदा से खुद को सुरक्षित रखा जा सके।