उत्तराखंड के आंदोलनकारी प्रभात ध्यानी को मिलेगा 2025 का विद्यासागर नौटियाल स्मृति सम्मान

रामनगर/देहरादून : सामाजिक सरोकारों और जन आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ पत्रकार रामनगर निवासी प्रभात ध्यानी को वर्ष 2025 का विद्यासागर नौटियाल स्मृति…

Screenshot 2025 0921 121304



रामनगर/देहरादून : सामाजिक सरोकारों और जन आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ पत्रकार रामनगर निवासी प्रभात ध्यानी को वर्ष 2025 का विद्यासागर नौटियाल स्मृति सम्मान प्रदान किया जाएगा।


समाज सेवा के क्षेत्र में उनके लंबे योगदान और उत्कृष्ट कार्यों के लिए यह सम्मान दिया जा रहा है। सम्मान समारोह 29 सितम्बर को देहरादून के आईआरडीटी सभागार, निकट सर्वे चौक में आयोजित किया जाएगा।


समारोह में प्रसिद्ध लोकगायक प्रीतम भारतवाण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
चयन समिति ने इस वर्ष विभिन्न माध्यमों से प्राप्त 18 नामों पर गहन विचार-विमर्श किया। सभी नामों का मूल्यांकन उनके सामाजिक कार्यक्षेत्र, आंदोलनों में भागीदारी, अनुभव और जनहित में किए गए कार्यों के आधार पर किया गया।

अंतिम चरण में सर्वसम्मति से प्रभात ध्यानी को इस सम्मान के लिए चुना गया।
छात्र जीवन से ही उन्होंने युवाओं के मुद्दों पर आवाज उठाई और आज तक अनेक जनसंगठनों से जुड़े रहे हैं। भूमाफिया के विरुद्ध संघर्ष, राज्य आंदोलन, कमजोर वर्ग के हक की लड़ाई, जमीनी स्तर पर होने वाले शोषण और लूट के खिलाफ उनके प्रयास विशेष रूप से उल्लेखनीय रहे हैं।


चयन समिति में वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र नयन बहुगुणा, वरिष्ठ साहित्यकार दिनेश चन्द्र जोशी, कवि समर भण्डारी, पूनम कैंत्रुयाल और समाजसेवी अन्तिम स्वामी जैसे प्रतिष्ठित लोग शामिल थे। ध्यानी उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी से भी जुड़े है, इस सूचना के बाद पार्टी में भी खुशी की लहर है।