चौखुटिया से देहरादून पदयात्रा कर रहे आंदोलकारियों के साथ पुलिस के व्यवहार पर यूकेडी ने फूंका पुतला

द्वाराहाट: चौखुटिया से पदयात्रा कर आ रहे 16 आंदोलनकारियों के साथ पुलिस द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने के विरोध में उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) कार्यकर्ताओं…

Screenshot 2025 1104 193517



द्वाराहाट: चौखुटिया से पदयात्रा कर आ रहे 16 आंदोलनकारियों के साथ पुलिस द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने के विरोध में उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मेन चौराहे में सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।
आरोप लगाया कि पहाड़ में स्वास्थ्य सुविधाओं की दुर्दशा और डॉक्टरों की कमी के विरोध में पिछले 32 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे ये आंदोलनकारी सरकार को जगाने के लिए पदयात्रा कर ज्ञापन देने जा रहे थे। इसी दौरान द्वाराहाट में पुलिस द्वारा धक्का-मुक्की, छीनाझपटी और जमीन पर घसीटने जैसी घटनाएं हुईं। महिला पदयात्रियों के कपड़े तक फट गए। इससे उक्रांद कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है।
उक्रांद नेताओं ने कहा कि पहाड़ की जनता स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और अस्पतालों में डॉक्टरों की मांग कर रही है, लेकिन भाजपा सरकार और प्रशासन जनता की आवाज को दबाने में जुटा है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।
पुतला दहन कार्यक्रम की अगुवाई उक्रांद जिला अध्यक्ष जगदीश सिंह रौतेला ने की। इस दौरान उक्रांद नगर अध्यक्ष द्वाराहाट सुशील साह, बीरेन्द्र बजेठा, महेश त्रिपाठी, महेश चौधरी, कमल राणा, चन्दन चौधरी, हेम रौतेला, भरत लाल साह, लाल सिंह राणा, कमल अधिकारी सहित पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि आंदोलनकारियों पर कार्रवाई वापस नहीं ली गई और स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर नहीं हुईं तो उक्रांद पूरे कुमाऊं में उग्र आंदोलन करेगा।