रामनगर में रिंगोड़ा के पास कार और पिकअप की भिड़ंत, दो डॉक्टर गंभीर रूप से घायल

नैनीताल जिले के रामनगर में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। नेशनल हाईवे 309 पर रामनगर से आगे रिंगोड़ा के पास एक कार…

नैनीताल जिले के रामनगर में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। नेशनल हाईवे 309 पर रामनगर से आगे रिंगोड़ा के पास एक कार और पिकअप वाहन की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दोनों घायल डॉक्टर बताए जा रहे हैं।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272 25

घायलों की पहचान रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज के एनेस्थेजिया विभाग में पीजीजेआर सेकंड ईयर के छात्र-छात्रा डॉ. प्रस्तुति और डॉ. अभिषेक के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों सुबह गर्जिया की ओर जा रहे थे, तभी रिंगोड़ा के पास सामने से आ रहे पिकअप वाहन से उनकी कार सीधी टकरा गई। हादसा सुबह करीब सात बजे हुआ।

दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने मानवीयता दिखाते हुए दोनों घायलों को अपने निजी वाहन से रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुँचाया। वहाँ दोनों का तत्काल उपचार किया गया।

रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. तौहीद के मुताबिक हादसे में डॉ. प्रस्तुति को सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं तथा सिर पर कई टांके लगाए गए हैं। वहीं डॉ. अभिषेक के पैरों और कूल्हे में गहरी चोटें पाई गईं।

प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को उनकी ही इच्छा पर बेहतर इलाज हेतु रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। इसके लिए एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें बरेली रवाना कर दिया गया।