तुर्की सैन्य हादसा: बीस सैनिकों के मारे जाने की आशंका, सर्च अभियान जारी

तुर्की का एक सैन्य विमान जॉर्जिया में अजरबैजान की सीमा के पास गिरकर हादसे का शिकार हो गया है। इस विमान में चालक दल सहित…

n6886875231762940495852c2456d39fb951cd5f139a85f1cf4925b6685e3a1b30275fc818b5c3ca7d7e688

तुर्की का एक सैन्य विमान जॉर्जिया में अजरबैजान की सीमा के पास गिरकर हादसे का शिकार हो गया है। इस विमान में चालक दल सहित बीस सैनिक सवार थे। तुर्की और जॉर्जिया के अधिकारियों ने घटना की पुष्टि की है लेकिन अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि कितने लोगों की मौत हुई है।

तुर्की के टीवी चैनलों पर दिखाए जा रहे वीडियो में विमान को तेजी से नीचे आते हुए और सफेद धुएं के साथ गिरते हुए देखा गया है। हादसे के बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया।

रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि यह सी 130 विमान अजरबैजान से उड़ान भरकर तुर्की लौट रहा था तभी रास्ते में यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोगन ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उनके बयान से यह साफ झलकता है कि कई सैनिकों की जान जा चुकी है।

मंत्रालय की ओर से बताया गया कि अजरबैजान और जॉर्जिया के अधिकारी मिलकर राहत और बचाव अभियान चला रहे हैं। जॉर्जिया के गृह मंत्रालय ने कहा है कि यह हादसा सिग्नाघी नगरपालिका क्षेत्र में हुआ जो अजरबैजान की सीमा के नजदीक है। साथ ही मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक सी 130 हरक्यूलिस विमान अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन ने बनाया था। यह चार इंजन वाला एक टर्बोप्रॉप सैन्य मालवाहक विमान है जो छोटे रनवे से भी उड़ान भर सकता है। इस विमान का इस्तेमाल आमतौर पर सैनिकों और सैन्य उपकरणों को ले जाने के लिए किया जाता है। इसके अलावा इसे हवाई हमले और निगरानी मिशन में भी इस्तेमाल किया जाता है।

तुर्की प्रशासन ने हादसे के बाद इलाके को सील कर दिया है और खोज अभियान जारी है।