दो बहनों की एक साथ उठनी थी डोली, लेकिन एक साथ उठी अर्थी

जोधपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शनिवार को दो सगी बहनों ने अपनी ही शादी से कुछ घंटे…

IMG 20260223 132353

जोधपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शनिवार को दो सगी बहनों ने अपनी ही शादी से कुछ घंटे पहले जान दे दी। मृतकों की पहचान दीप सिंह की 25 वर्षीय बड़ी बेटी शोभा और 23 वर्षीय छोटी बेटी विमला के रूप में हुई है। दोनों एक निजी विद्यालय में पढ़ाने का काम करती थीं।

25

प्रारंभिक जांच के अनुसार दोनों ने जहरीला पदार्थ सेवन किया था, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार देर रात तक घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और आधी रात को दोनों अपने कमरे में सोने चली गईं।

तड़के उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी, जिसके बाद परिजन उन्हें पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
वारदात की सूचना मिलने तक परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर चुका था। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम करवाकर बाद में परिजनों को सौंप दिया।

इधर, बहनों के मामा जसवंत सिंह ने इस घटना को आत्महत्या मानने से इंकार करते हुए साजिश की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि दीप सिंह के भाइयों ने परिवार पर उन रिश्तों को दोबारा मंजूर करने का दबाव बनाया, जो पहले ही टूट चुके थे।

जसवंत सिंह का दावा है कि दबाव की यही स्थिति दोनों बहनों के लिए असहनीय बन गई और इसी कारण उन्होंने यह कदम उठाया।

मौके से किसी भी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और हर पहलू की पड़ताल की जाएगी।