अयोध्या राम जन्म भूमि परिसर की सुरक्षा में तैनात जवानों ने महाराष्ट्र निवासी एक मुस्लिम महिला को हिरासत में लिया है। पूछताछ के लिए उसे पुलिस के हवाले भी कर दिया गया है। पुलिस और एजेंसी महिला का नाम पता आदि के बारे में पता कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि महिला मूल रूप से महाराष्ट्र की रहने वाली है और इसका नाम इरम है। यह महिला राम जन्मभूमि परिसर में श्रद्धालुओं के साथ दर्शन करने आई थी। दर्शन के बाद वह वापस लौट रही थी तभी निकासी मार्ग पर सुरक्षा में जवानों ने संदिग्ध भाव देखकर महिला को रोक लिया और उससे पूछताछ की। सिर और चेहरे पर नीला कपड़ा बांधे ये महिला पूछताछ पर सुरक्षा कर्मियों से उलझ गई।
मामला संदिग्ध देख प्रकरण की जानकारी अधिकारियों को दी गई और महिला को पूछताछ तथा सत्यापन के लिए राम जन्मभूमि थाने भेज दिया गया। थाना पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने महिला से कई राउंड पूछताछ की है।
बताया जा रहा है कि वह उल्टे सीधे जवाब दे रही थी हालांकि आरजेबी थाना प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु शुक्ला ने ऐसी कोई जानकारी होने से इनकार किया है। कहाकि थाने पर कोई नहीं आया था। हो सकता है परिसर में ही पूछताछ हो रही हो।
क्षेत्राधिकारी अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि महिला के नाम पता आदि का सत्यापन कराया जा रहा है। फिलहाल अभी तक कोई आपत्तिजनक बात सामने नहीं आई है।
रात राम जन्मभूमि परिसर में कैमरा लगा चश्मा लगाकर प्रवेश करते हुए सुरक्षा कर्मियों ने एक युवक को भी पकड़ा।
सीओ आशुतोष तिवारी ने बताया थाना रामजन्मभूमि में युवक से पूछताछ और उसका सत्यापन कराया जा रहा है।
