हरिद्वार देहरादून हाईवे पर टकराईं 6 गाड़ियां, महिला की मौत, 15 घायल, 3 मासूमों के सिर से उठा मां का साया, पिता हैं दिव्यांग

हरिद्वार देहरादून हाईवे पर रविवार देर रात रायवाला के पास मोतीचूर फ्लाईओवर पर कई गाड़ियों की टक्कर ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। एक के…

IMG 20260309 152819

हरिद्वार देहरादून हाईवे पर रविवार देर रात रायवाला के पास मोतीचूर फ्लाईओवर पर कई गाड़ियों की टक्कर ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। एक के बाद एक छह वाहन आपस में भिड़ गए और इनमें शामिल सीएनजी कार तुरंत आग की लपटों में घिर गई। हादसे ने कुछ ही मिनटों में भयावह रूप ले लिया। ट्रैक्टर ट्रॉली में सफर कर रही एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और लोग घंटों फंसे रहे। इस घटना ने एक परिवार की दुनिया पलट दी।

रायवाला में हुए इस भीषण हादसे में जिस महिला की जान गई, वह अपने परिवार की एकमात्र सहारा थीं। उनके पति सचिन दोनों हाथों से दिव्यांग हैं और काम करने में पूरी तरह असमर्थ। तीन छोटे बच्चों का यह परिवार अब बेहद कठिन हालात से गुजर रहा है। मां की मौत के बाद बच्चे अस्पताल में रोते बिलखते नजर आए। कुसुम की सास रानी देवी ने बताया कि परिवार की रोजमर्रा की जरूरतें कुसुम ही मजदूरी करके पूरी करती थीं।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

बस की टक्कर से कुसुम ट्रॉली से बाहर जा गिरीं और पीछे आ रहे बड़े ट्रॉले के पहिए के नीचे आ गईं। जब उन्हें बाहर निकाला गया तो शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत था। रात में ही पुलिस ने आग बुझाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। वहां शव देखते ही कुसुम की बड़ी बेटी सोनिया बार-बार मातम ढहाती रही मां, अब हम क्या करेंगे? यह देखकर हर किसी की आंखें भर आईं।

रात करीब 9 बजकर 18 मिनट पर 112 पर सूचना मिली कि होटल गॉडविन के पास फ्लाईओवर पर रोडवेज बस ने सामने चल रही ट्रैक्टर ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी है। इसके तुरंत बाद पीछे से आ रही स्कॉर्पियो एन, कैंटर और अन्य वाहन भी एक-दूसरे में धंस गए। टक्कर से स्कॉर्पियो एन में आग भड़क पड़ी, जिसमें लगे सीएनजी सिलेंडर ने आग को और फैलाया। कुछ ही पलों में पांच वाहन आग के हवाले हो गए।

हादसे में 30 वर्षीय कुसुम निवासी भोगपुर नजीबाबाद की मौत हुई। घटना में 15 लोग घायल हुए, जिनमें छह बच्चे भी हैं। सभी लोग एक ही परिवार के थे जो देहरादून में झंडे जी का मेला देखकर हरिद्वार लौट रहे थे और अगले दिन गंगा स्नान का कार्यक्रम था। लेकिन मोतीचूर फ्लाईओवर पर ही उनका पूरा सफर त्रासदी में बदल गया।

हादसे का दृश्य इतना डरावना था कि लोग भागकर अपनी जान बचाने लगे। आग की लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं और हवा में अफरातफरी मची हुई थी। एक दो माह की बच्ची समेत कई बच्चे घायल हो गए। लेकिन इस घटना का सबसे बड़ा आघात कुसुम के परिवार पर पड़ा, जहां तीन बच्चों का सहारा छिन गया और पिता पहले से ही मजबूरी में जी रहे हैं।

एसपी सिटी ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली हरिद्वार की ओर मुड़ने के लिए स्पीड कम कर रही थी, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे चल रहे अन्य वाहन एक के बाद एक उससे जा टकराए। टक्कर इतनी तीव्र थी कि बस और सीएनजी कार में आग लग गई और हालात तुरंत काबू से बाहर हो गए।

Leave a Reply