बागेश्वर। उत्तराखंड में मानसून की दस्तक के साथ ही मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसी क्रम में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून की ओर से मिले इनपुट के बाद मौसम विभाग ने जनपद बागेश्वर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बाद जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर एक बड़ा फैसला लेते हुए कल यानि 1 जुलाई को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।
बागेश्वर की जिला मजिस्ट्रेट और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष अपूर्वा पाण्डे की ओर से जारी आदेश के तहत कल, यानी बुधवार 1 जुलाई 2026 को जनपद के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय, अर्धशासकीय एवं निजी विद्यालय (कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक) पूरी तरह बंद रहेंगे। इसके साथ ही जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में भी 1 जुलाई को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
ऑरेंज अलर्ट के चलते प्रशासन मुस्तैद
मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी इस चेतावनी में साफ कहा गया है कि 1 जुलाई को बागेश्वर जनपद के भीतर कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की पूरी संभावना है। ऐसे में स्कूली बच्चों को किसी भी तरह के जोखिम से बचाने के लिए जिला मजिस्ट्रेट ने यह एहतियाती कदम उठाया है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी, बागेश्वर और जिला कार्यक्रम अधिकारी, बागेश्वर को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि यदि किसी भी स्तर पर इस आदेश का उल्लंघन या विचलन पाया गया, तो संबंधित स्कूल प्रबंधन या अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कंट्रोल रूम और टीमें अलर्ट पर
आपदा प्रबंधन प्राधिकरण बागेश्वर की ओर से इस आदेश की प्रतिलिपि शासन के उच्च अधिकारियों समेत कुमाऊं मंडल के आयुक्त, पुलिस अधीक्षक, जिला सूचना अधिकारी और कपकोट, गरुड़ व कांडा के उप जिलाधिकारियों को भी भेज दी गई है। सभी संवेदनशील इलाकों में टीमों को तैनात रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट पर रहने को कहा गया है।

