पौड़ी जिले के कोटद्वार में सोमवार को दर्दनाक हादसा हुआ। लगातार हो रही बारिश के बीच अचानक एक भारी-भरकम बोल्डर पहाड़ी से टूटकर सड़क पर गिरा। दुर्भाग्यवश उसी समय वहां से एक बोलेरो वाहन गुजर रहा था। बोल्डर सीधे बोलेरो पर आ गिरा। जिससे वाहन बुरी तरह से चकनाचूर हो गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा पौड़ी कोटद्वार मेरठ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिद्धबली बैरियर के पास हुआ। बोलेरो वाहन संख्या यूके 11 टीए 1610 दुगड्डा से सवारियों को लेकर कोटद्वार आ रहा था। तभी अचानक ऊपर से एक बड़ा बोल्डर टूटकर गाड़ी पर गिर गया। जिससे गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि गाड़ी में बैठे दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाकी चार लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें कोटद्वार के बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चारों का इलाज जारी है।
कोटद्वार की क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल ने बताया कि बोलेरो में कुल छह लोग सवार थे। जिसमें दो की मौत हो चुकी है, चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश की वजह से पहाड़ियों से पत्थर गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं। ऐसे में लोगों को अत्यधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है। उन्होंने वाहन चालकों और यात्रियों से अपील की कि वे मौसम की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा पर निकलें।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर बीते कुछ दिनों से लगातार पत्थर गिरने की घटनाएं हो रही थीं। लेकिन आज का हादसा जानलेवा साबित हुआ। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। जिसे पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद खुलवाया।
