अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय (एसएसजे) के अल्मोड़ा परिसर की जंतु विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष और संयोजक प्रो. इला बिष्ट का असामयिक निधन हो गया है। प्रो.इला बिष्ट कुछ समय से बीमार चल रही थी।
उनके निधन की खबर से पूरे विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और उनके परिजन स्तब्ध रहे गए। प्रो. बिष्ट के सम्मान में आज, बुधवार को विश्वविद्यालय के चारों परिसरों में शोक सभा कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वही शिक्षण व प्रशासनिक कार्यों को भी स्थगित कर दिया गया।
विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन समेत चारों परिसरों के सभी शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने प्रो. इला बिष्ट के असमय निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा कि प्रो. इला बिष्ट हमारे विश्वविद्यालय की एक बेहद सम्मानित और प्रिय सहयोगी रही हैं। उनके अचानक चले जाने से पूरे शैक्षणिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। वे न केवल एक बेहतरीन शिक्षाविद थीं, बल्कि एक समर्पित शोधकर्ता भी थीं। उनके निधन से हमारे एकेडमिक परिवार में जो शून्य पैदा हुआ है, उसे कभी भरा नहीं जा सकेगा।
शोक जताने वालों में अल्मोड़ा परिसर के निदेशक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट ,कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट,शोध निदेशक प्रो. जगत सिंह बिष्ट, परीक्षा नियंत्रक प्रो. पंकज कुमार शाह, वित्त अधिकारी अमित कुमार त्रिपाठी और डॉ. देवेंद्र धामी शामिल रहे।


