राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देहरादून में किया पैदल यात्री पुल और घुड़सवारी क्षेत्र का उद्घाटन, जनता के लिए खुला राष्ट्रपति निकेतन परिसर

देहरादून। तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास पर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को देहरादून में कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शुभारंभ किया। हरिद्वार में पतंजलि…

1200 675 25319830 thumbnail 16x9 president new

देहरादून। तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास पर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को देहरादून में कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शुभारंभ किया। हरिद्वार में पतंजलि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद राष्ट्रपति दोपहर में देहरादून पहुंचीं, जहां उन्होंने राष्ट्रपति निकेतन के बाहर बने पैदल यात्री पुल और घुड़सवारी क्षेत्र का लोकार्पण किया।

राजपुर रोड पर स्थित राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति उद्यान को जोड़ने वाला यह नया फुट ओवर ब्रिज स्थानीय कारीगरी और हिमालयी वास्तुकला का सुंदर उदाहरण है। लोक निर्माण विभाग द्वारा नौ करोड़ रुपये की लागत से मात्र छह महीने में तैयार किया गया यह पुल 105 फीट लंबा है। इसका उद्देश्य पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुगम मार्ग उपलब्ध कराना है।

इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रपति निकेतन परिसर में बने अत्याधुनिक घुड़सवारी क्षेत्र का उद्घाटन किया। करीब 0.7 एकड़ क्षेत्र में फैले इस परिसर का निर्माण केंद्रीय लोक निर्माण विभाग ने राष्ट्रपति के अंगरक्षक दल के लिए कराया है। यहां आठ घोड़ों की क्षमता वाला अस्तबल, उपचार कक्ष, देखभाल क्षेत्र और आगंतुकों के लिए एक विशेष गलियारा बनाया गया है, ताकि लोग घोड़ों की देखरेख और प्रशिक्षण की प्रक्रिया को नजदीक से देख सकें।

यह क्षेत्र अब आम जनता के लिए भी खोला गया है। लोग सोमवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी दिनों में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक यहां भ्रमण कर सकेंगे। घुड़सवारी क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों के लिए गाइड की व्यवस्था भी की गई है, जो उन्हें राष्ट्रपति के अंगरक्षक दल की पारंपरिक घुड़सवारी विरासत से अवगत कराएंगे।

राष्ट्रपति मुर्मू ने इस मौके पर कहा कि देहरादून का यह नया क्षेत्र न केवल सुरक्षा और परंपरा का प्रतीक है, बल्कि यह उत्तराखंड की समृद्ध विरासत और आधुनिकता का मेल भी दर्शाता है। राष्ट्रपति भवन की ओर से बताया गया कि इन दोनों परियोजनाओं से राजधानी की सुंदरता और सुविधाओं में नई चमक आएगी।