पौड़ी आपदा प्रभावितों को भी मिलेगा बड़ा राहत पैकेज, मुख्यमंत्री धामी ने किया ऐलान

पौड़ी में आई आपदा के बाद प्रभावित लोगों के लिए धराली और थराली की तरह राहत पैकेज दिया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार…

पौड़ी में आई आपदा के बाद प्रभावित लोगों के लिए धराली और थराली की तरह राहत पैकेज दिया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि पौड़ी में आई आपदा में जिन लोगों के घर पूरी तरह टूट गए हैं उन्हें पांच लाख रुपये की मदद दी जाएगी। वहीं मृतकों के परिवारों को भी पांच-पांच लाख रुपये का आर्थिक सहयोग दिया जाएगा।

सीएम ने बताया कि एसडीआरएफ के तहत आने वाली राशि एसडीआरएफ मद से दी जाएगी। बाकी रकम मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से प्रदान की जाएगी। उन्होंने प्रशासन को तुरंत कार्रवाई कर प्रभावितों को मदद देने के निर्देश दिए। बता दें कि छह अगस्त को पौड़ी तहसील के ग्राम सैंजी, पट्टी बाली कंडारस्यूं और ग्राम रैदुल, पट्टी पैडुलस्यूं में अतिवृष्टि और भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ था। आवास और कृषि भूमि को भी व्यापक क्षति पहुंची थी।

सीएम ने कहा कि 22 अगस्त को आपदा के कारणों का अध्ययन करने के लिए विशेषज्ञों का दल थराली भेजा जाएगा। धराली की तरह ही थराली में भी आपदा का सर्वेक्षण किया जाएगा ताकि यह पता चल सके कि हिमालयी क्षेत्रों में इतनी मात्रा में मलबा पानी के साथ क्यों बहकर नीचे आता है। सचिव आपदा प्रबंधन और पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि भारतीय भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण, वाडिया हिमालय भू-विज्ञान संस्थान, राष्ट्रीय जलविज्ञान संस्थान, रुड़की, उत्तराखंड भूस्खलन न्यूनीकरण और प्रबंधन केंद्र, केंद्रीय जल आयोग और सिंचाई विभाग के विशेषज्ञ जल्द थराली का दौरा करेंगे। विशेषज्ञ बाढ़ और भूस्खलन के कारणों का अध्ययन करेंगे और रोकथाम के उपाय बताएंगे। सभी संस्थानों को अपने विशेषज्ञ नामित कर जिलाधिकारी चमोली को रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावितों के साथ मजबूती से खड़ी है। धराली हो, थराली हो, स्यानाचट्टी हो या पौड़ी, हर जगह राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर किए गए हैं। उन्होंने उत्तरकाशी, चमोली और पौड़ी के जिलाधिकारियों के कार्यों की सराहना की और कहा कि आपदा प्रभावित हमारे अपने लोग हैं। उनके साथ न सिर्फ राज्य सरकार बल्कि केंद्र सरकार भी मजबूती से खड़ी है।