अब सफर में Google Map नहीं, देशी ऐप Mappls दिखाएगा रास्ता और रखेगा आपको हर मोड़ पर सुरक्षित

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्वदेशी नेविगेशन ऐप Mappls का इस्तेमाल किया। यह…

n684750020176024541317975acedff9672b6d1c6201e23d9b39c7622158b1a178172d0eeb7c3c74764ce31

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्वदेशी नेविगेशन ऐप Mappls का इस्तेमाल किया। यह ऐप पूरी तरह भारतीय तकनीक से बना है जिसे MapmyIndia कंपनी ने तैयार किया है। मंत्री ने खुद ऐप की खूबियों को देखा और कहा कि रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सबसे अहम है। उनका कहना था कि भारतीय रेलवे गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों की रीढ़ है। इसलिए कोशिश यही है कि यात्रियों को सुरक्षित और आसान यात्रा मिल सके।

Mappls ऐप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह यात्रियों को बिल्कुल सही रास्ता बताता है। यह फ्लाईओवर और गोलचक्कर को 3D में दिखाता है। यह ड्राइव करते वक्त रीयल टाइम में अलर्ट देता है ताकि गाड़ी चलाने वाला खतरे से पहले ही सावधान हो जाए। इससे यह भी पता चल जाता है कि सफर में ईंधन और टोल का कितना खर्च आएगा। इसे भारत के हिसाब से बनाया गया है ताकि देश के हर हिस्से में सही दिशा मिल सके।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर वैष्णव ने यात्रियों के लिए बने नए स्थायी प्रतीक्षास्थल का भी निरीक्षण किया। इसे यात्री सुविधा केंद्र नाम दिया गया है। यहां एक साथ करीब सात हजार लोग ठहर सकते हैं। मंत्री ने कहा कि सुरक्षा और सुविधा रेलवे की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसी सोच के तहत ये नई योजनाएं शुरू की जा रही हैं।

15 फरवरी 2025 को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में 18 यात्रियों की मौत के बाद मंत्रालय ने ऐसे स्थायी प्रतीक्षास्थल बनाने का आदेश दिया था। शुरुआत में इसे पांच बड़े स्टेशनों पर बनाने की योजना बनाई गई थी। इनमें नई दिल्ली के अलावा आनंद विहार। गाजियाबाद। वाराणसी और अयोध्या स्टेशन शामिल हैं। इसके बाद 55 और स्टेशन पर ऐसे केंद्र बनाने का फैसला हुआ।

रेल मंत्री ने बताया कि यह नया केंद्र त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को संभालने में बड़ी मदद करेगा। नई दिल्ली की तरह देश के अन्य स्टेशनों पर भी यह सुविधा जल्द शुरू की जाएगी। मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक नई दिल्ली स्टेशन पर बने इस केंद्र को तीन हिस्सों में बांटा गया है। एक बड़ा टिकटिंग एरिया है जो 2860 वर्ग मीटर में फैला है। दूसरा पोस्ट टिकटिंग एरिया है जिसका आकार 1150 वर्ग मीटर है। तीसरा प्री टिकटिंग एरिया है जो 1218 वर्ग मीटर में बना है।

यह पूरा ढांचा भीड़ कम करने और यात्रियों को राहत देने के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें 22 टिकट काउंटर और 25 ऑटोमेटिक टिकट मशीनें लगाई गई हैं। साथ ही आरओ आधारित पेयजल की व्यवस्था और एक बड़ा शौचालय ब्लॉक भी बनाया गया है।

वैष्णव ने कहा कि सरकार का ध्यान अब आम यात्रियों के डिब्बों में सुविधाएं बढ़ाने पर है। इसी के लिए अमृत भारत ट्रेनें चलाई जा रही हैं। त्योहारों के वक्त यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस साल रिकॉर्ड संख्या में ट्रेनें चलाने का फैसला हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की अगुवाई में हर दूसरी या तीसरी कैबिनेट बैठक में नई रेल लाइन को मंजूरी दी जाती है। मोदी सरकार के कार्यकाल में अब तक 34 हजार किलोमीटर नई लाइन बिछाई जा चुकी है।

मंत्री ने बताया कि इस त्योहारी सीजन में देशभर में 12 हजार से ज्यादा ट्रेनें चलाई जा रही हैं। जिनमें से 10 हजार सात सौ ट्रेनों की घोषणा पहले ही हो चुकी है। इसके अलावा 150 अतिरिक्त ट्रेनें रखी गई हैं जो दो हजार फेरे लगाने में सक्षम होंगी ताकि किसी यात्री को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि रेलवे में इस समय बड़ी संख्या में भर्ती चल रही है। लगभग एक लाख तीस हजार उम्मीदवारों की जॉइनिंग की प्रक्रिया चल रही है। हाल ही में अठारह हजार लोको पायलट की नियुक्ति की गई है।