देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के मंत्रियों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 22 सितंबर से पूरे देश में लागू होने वाली नई जीएसटी दरें राज्य की आर्थिकी को मजबूती देंगी और हर वर्ग के लोगों को राहत प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस ऐतिहासिक निर्णय से आम जनता और व्यापारिक समुदाय को तत्काल लाभ मिलेगा और इसके लिए प्रदेश में व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को 22 से 29 सितंबर तक अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम चलाने का निर्देश दिया गया है। इस दौरान प्रभारी मंत्री अपने जनपदों और विधायक अपनी विधानसभाओं में अभियान का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने बताया कि जीएसटी की नई दरें प्रदेश में वोकल फॉर लोकल और लोकल टू ग्लोबल की दिशा में गति प्रदान करेंगी। अंब्रेला ब्रांड हाउस ऑफ हिमालयाज और जीआई टैग प्राप्त 27 उत्पाद, स्थानीय हस्तशिल्प और कृषि उत्पाद नई दरों से बढ़ावा पाएंगे, जिससे स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की परिकल्पना साकार होगी।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने जीएसटी दरों से आम जनता और व्यवसायियों को होने वाले लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्या, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
