अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के व्यस्ततम इलाके चौघानपाटा स्थित एक रैस्टोरेंट में एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे रैस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान के भीतर रखा अधिकांश कीमती सामान जलकर खाक हो गया।
इस घटना से बाजार क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा।प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव होना बताया जा रहा है। यह घटना दिन में लगभग 1 बजे के आसपास की है।
लोगों ने इसकी सूचना फायर स्टेशन को दी। इसके बाद फायर सर्विस की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने तत्परता दिखाते हुए मिनी फायर इंजन से पंपिंग शुरू की और होज पाइप के जरिए आग पर काबू पाने का प्रयास तेज किया।
टीम ने रैस्टोरेंट के भीतर धधक रहे घरेलू गैस सिलेंडरों को अत्यंत सावधानी और सूझबूझ के साथ होजरील से ठंडा कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। रैस्टोरेंट की लकड़ी की छत में फैल रही लपटों पर भी समय रहते काबू पा लिया गया। अग्निशमन टीम में फायर स्टेशन ड्राइवर विपिन बडोला के साथ फायरमैन प्रेम सिंह, श्याम लाल और महिला फायरमैन आकांक्षा डसीला शामिल रहीं।

