बदरीनाथ-ऋषिकेश हाईवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बदरीनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे यात्रियों से भरी एक बस मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के शिवपुरी के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
इस हादसे में बस सवार 7 यात्री घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि बस में सवार अन्य 25 यात्रियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। मुनिकी रेती पुलिस के अनुसार, शाम करीब 4 बजे शिवपुरी में बस पलटने की सूचना मिली, जिसके बाद चौकी प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम ने बस में फंसे चीख-पुकार मचा रहे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को 108 आपातकालीन एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया है, जहाँ उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सभी यात्री उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के रहने वाले हैं। घटना की जानकारी देते हुए कोतवाल प्रदीप चौहान ने बताया कि सुरक्षित यात्रियों को दूसरे वाहन से उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट के मुताबिक, बस में कुल 25 यात्रियों के साथ ड्राइवर और कंडक्टर सवार थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चलती बस की खिड़की अचानक खुल गई थी, जिसे बंद करने की कोशिश में ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दुर्घटना में सोनम गुप्ता (28), मुन्नी देवी (56), चंद्रप्रकाश गुप्ता (62), संजय चौरसिया (59), सीता देवी (38), शबनम (32) और मनीष गिरि (44) घायल हुए है। उन्हें अस्पताल भर्ती करवाया गया है।

