छोटे-छोटे बच्चों की सेहत से हो रहा था खिलवाड़, नकली जूस की फैक्ट्री का भंडाफोड़, सील

हल्द्वानी में मिलावटी चीज़ों के खिलाफ प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इस बार मामला बच्चों के जूस से जुड़ा है। एक ऐसी फैक्ट्री पकड़ी गई…

1200 675 24057080 thumbnail 16x9 hadlw aspera

हल्द्वानी में मिलावटी चीज़ों के खिलाफ प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इस बार मामला बच्चों के जूस से जुड़ा है। एक ऐसी फैक्ट्री पकड़ी गई जहां रसना, फ्रूटी जैसे नामों से बच्चों के लिए नकली जूस तैयार हो रहा था और वहीं पर उसकी पैकिंग भी की जा रही थी।

एसडीएम राहुल शाह और नगर आयुक्त ऋचा सिंह को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, वह तुरंत अपनी टीम के साथ फैक्ट्री पर पहुंचे। अंदर का नज़ारा देख हैरान हो गए। वहां बड़ी तादाद में नकली जूस, पाउच पैक करने वाली पॉलिथीन और केमिकल मिले।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी मौके पर थी। उन्होंने बताया कि इन जूस में जो केमिकल मिलाया जा रहा है, वो बच्चों के लिए बेहद नुकसानदायक हो सकता है। फैक्ट्री में काम धड़ल्ले से चल रहा था, लेकिन जब दस्तावेज मांगे गए तो वहां किसी भी तरह की वैधता नहीं मिली।

नगर आयुक्त ने साफ कहा कि बच्चों की जान के साथ इस तरह का खेल बर्दाश्त नहीं होगा। प्रशासन ने तुरंत फैक्ट्री को सील कर दिया। मौके से सैंपल भी उठाए गए हैं और अब उनकी जांच होगी। फैक्ट्री घर की बिजली और पानी के कनेक्शन से चल रही थी, जो और भी बड़ा मामला बनता है।

एसडीएम ने बताया कि अब पूरी जांच की जा रही है और जो भी इस गोरखधंधे में शामिल होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।