प्रदेश की 6,559 महिलाओं के लिए खुशखबरी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की होगी भर्ती

प्रदेश की 6,559 महिलाओं के लिए जल्द ही रोजगार मिलने जा रहा है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने 374 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं…


प्रदेश की 6,559 महिलाओं के लिए जल्द ही रोजगार मिलने जा रहा है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने 374 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और 6,185 सहायिकाओं के खाली पदों पर भर्ती के निर्देश दिए हैं।

अगले दो दिनों में विभाग इसकी विज्ञप्ति जारी कर सकता है। राष्ट्रीय खेल सचिवालय में विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक के बाद मंत्री रेखा आर्या ने इसकी जानकारी दी। बताया गया कि प्रदेश में लगभग सभी जिलों में आंगनबाड़ी केंद्रों का उच्चीकरण किया गया था, जिसके बाद वहां तैनात सहायिकाएं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बन गईं।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

इसके बाद से सहायिकाओं के कई पद खाली हो गए थे। हाल ही में आंगनबाड़ी भर्ती नियमावली में संशोधन के बाद इसका शासनादेश जारी हुआ था, जिससे इन पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हो गया था।

मंत्री ने बताया कि विभाग को अगले एक-दो दिन के भीतर विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन मंगाए जाएंगे। आवेदन करने के लिए महिला अभ्यर्थियों को करीब 30 दिन का समय दिया जाएगा। विभाग के अधिकारियों को यह भर्ती प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने नंदा गौरा योजना व अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के नए मानकों के मुताबिक वहां पेयजल, बिजली और शौचालय की अनिवार्य उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने सभी 13 जिलों के जिला कार्यक्रम अफसरों को पांच दिन के भीतर सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में इन सुविधाओं को मुहैया कराने संबंधित प्रस्ताव निदेशालय को भेजने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा, नंदा गौरा योजना में 31 दिसंबर तक ज्यादा से ज्यादा आवेदन मंगाए जाएं।