पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अल्मोड़ा में प्रेस वार्ता के दौरान कैंची और क्वारब की सड़क समस्याओं पर सरकार की निंदा की। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के सुधार का प्रस्ताव भाजपा सरकार ने नजरअंदाज किया।
सरकार पर जनता को ठगने का आरोप
अल्मोड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोमवार को शिखर होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि भाजपा सरकार ने आठ वर्षों में जनता को ठगने का काम किया है। रावत ने कहा कि इस सरकार के झूठ का शिकार कांग्रेस हुई है और लूट का शिकार यहां की जनता हुई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने झूठा प्रचार किया कि हरीश रावत सरकार ने शुक्रवार के दिन छुट्टी की घोषणा की थी। इस पर उन्होंने स्पष्ट किया कि छुट्टी की घोषणा के लिए बाकायदा गजट नोटिफिकेशन जारी होता है। यदि उनके मुख्यमंत्री रहते शुक्रवार की छुट्टी का कोई नोटिफिकेशन जारी हुआ होता, तो भाजपा सरकार ने आठ साल में उसे सार्वजनिक क्यों नहीं किया।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने यह भ्रम फैलाया कि हरीश रावत ने मुस्लिम यूनिवर्सिटी खोलने की बात कही थी, जो कि सरासर गलत है। उन्होंने चुनौती दी कि यदि ऐसा कोई बयान किसी अखबार या चैनल पर प्रकाशित या प्रसारित हुआ है, तो भाजपा उसके प्रमाण प्रस्तुत करे। रावत ने ऐलान किया कि जो भी व्यक्ति यह साबित कर देगा कि उन्होंने मुस्लिम यूनिवर्सिटी खोलने की बात कही थी, उसे दस लाख रुपये इनाम देंगे।
कैंची धाम और क्वारब की सड़क समस्याओं पर चिंता
कैंची धाम में श्रद्धालुओं के कारण लगने वाले जाम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि चार साल पहले ही उन्होंने सरकार को कालाढूंगी से बेतालघाट होते हुए भुजान तक सड़क बनाने का सुझाव दिया था, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सकता था। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा सड़कों की दशा सुधारने की नहीं है। रावत ने कहा कि सरकार के मंत्री गड्ढामुक्त सड़कों की बातें करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत बेहद खराब है। अपने भ्रमण के दौरान उन्होंने देखा कि चौखुटिया-मासी सड़क की स्थिति बदहाल है, लेकिन सरकार का ध्यान इस ओर नहीं है।
क्वारब में भूस्खलन और यातायात समस्या पर आलोचना
क्वारब में पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि भूस्खलन के कारण बार-बार सड़क बंद हो रही है। उन्होंने कहा कि कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के कारण और क्वारब में सड़क बंद होने से चमोली जिले के आधे हिस्से, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के लोग हलकान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर भाजपा सरकार कैची समस्या से निजात के लिए भवाली से होकर बाईपास बनाने की बात कर रही है, लेकिन वास्तविकता में कोई कार्य नहीं हुआ है।
ये लोग रहे मौजूद
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद कुंजवाल, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, कांग्रेस नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र बाराकोटी और पारितोष जोशी सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।