कलाकारों के सशक्त अभिनय ने मोहा दर्शकों का मन
रानीखेत । सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में नगर के मिशन इंटर कॉलेज प्रांगण में शनिवार सायं शुरू हुए दो दिवसीय महिला रामलीला प्रतियोगिता के प्रथम दिवस प्रतिभागी महिला टीमों ने अपने सशक्त अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व प्रमुख हीरा सिंह रावत व विशिष्ट अतिथि भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य विमला रावत रहे।
मिशन इंटर कॉलेज के प्रांगण में सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान नगर में पहली बार आयोजित दो दिवसीय महिला रामलीला प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह रावत, विशिष्ट अतिथि भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री व क्षेपस विमला रावत तथा सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष विमल सती ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि श्री रावत ने कहा कि यह आयोजन महिलाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने और सांस्कृतिक गतिविधियों में उनकी सहभागिता बढ़ाने की दिशा में सराहनीय प्रयास है। उन्होंने सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्यरत सांस्कृतिक समिति की प्रशंसा की।
विशिष्ट अतिथि विमला रावत ने कहा ऐसे आयोजन महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा को अभिव्यक्त करने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
समिति अध्यक्ष विमल सती ने कहा कि यह आयोजन रानीखेत की सांस्कृतिक पहचान को नई दिशा देगी और महिलाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा कलात्मक कौशल के विकास में सहायक सिद्ध होगी।
प्रतियोगिता के प्रथम दिवस मातृ शक्ति समूह रानीखेत ने परशुराम-लक्ष्मण संवाद, गौरा स्वयं सहायता समूह चिलियानौला ने शूर्पणखा नासिका छेदन, जय मां काली स्वयं सहायता समूह पाखुड़ा ने सीता स्वयंवर तथा सांस्कृतिक समिति की टीम ने ताड़का वध प्रसंग का प्रभावशाली मंचन किया। कलाकारों के जीवंत अभिनय और संवादों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर समिति द्वारा रामलीला कमेटी खड़ी बाजार, इंदिरा बस्ती, जैनोली, लालकुर्ती, कुनलाखेत, चिलियानौला और रियूनी मजखाली को रामलीला मंचन के प्रति वर्षों के योगदान के लिए सम्मानित किया। मंच संचालन दीपक पंत ने किया।
इस मौके पर हरीश लाल साह, गौरव भट्ट, राजेंद्र पंत, गौरव तिवारी, अभिषेक कांडपाल, गीता पवार, रीना वर्मा, नेहा साह, संजय पंत, कैलाश पांडे, जगदीश अग्रवाल, पूर्व प्रमुख धन सिंह रावत, सीएस जैन, एचएस कड़ाकोटी व गणमान्य नागरिकों सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
