किसान के बेटे ने रचा इतिहास, मिर्जापुर से लंदन तक गूंजा नाम, वेलिंगबोरो का मेयर बना राज मिश्रा

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के एक छोटे से गांव भटेवरा में इन दिनों जश्न का माहौल है। वजह भी खास है। यहां के किसान…

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के एक छोटे से गांव भटेवरा में इन दिनों जश्न का माहौल है। वजह भी खास है। यहां के किसान मुन्ना लाल मिश्रा के बेटे राज मिश्रा को ब्रिटेन के वेलिंगबोरो शहर का मेयर चुना गया है। इस चुनाव में जीत दर्ज कर राज ने न सिर्फ अपने गांव का नाम रोशन किया है बल्कि यह भी दिखा दिया है कि मेहनत और लगन से दुनिया में कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। वेलिंगबोरो शहर ब्रिटेन के ईस्ट मिडलैंड्स क्षेत्र में आता है और राज मिश्रा को हाल ही में इस शहर का नया मेयर बनाया गया है। इससे पहले वो विक्टोरिया वार्ड से स्थानीय नगर पार्षद चुने गए थे। मंगलवार को हुई नगर परिषद की सालाना बैठक में उन्हें पांचवां मेयर नियुक्त किया गया।

राज के मेयर बनने की खबर जैसे ही मिर्जापुर पहुंची वैसे ही पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। गांव के लोग गर्व से अपने बेटे की तारीफ कर रहे हैं और हर कोई अपने-अपने तरीके से इस उपलब्धि का जश्न मना रहा है। राज मिश्रा ने भी इस मौके पर कहा कि वेलिंगबोरो जैसे शहर का मेयर बनना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि वे एक ऐसे शहर के निर्माण की दिशा में काम करना चाहते हैं जहां हर वर्ग को बराबरी का अधिकार मिले और हर कोई सुरक्षित महसूस करे। उन्होंने कहा कि वह सभी लोगों को साथ लेकर चलने में विश्वास करते हैं और शहर को एक बेहतर भविष्य देने की दिशा में पूरा प्रयास करेंगे।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

राज की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। वे एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। उनके पिता खेती करते हैं और राज कुल नौ भाई बहनों में छठे नंबर पर हैं। कुछ साल पहले वो एमटेक की पढ़ाई के लिए लंदन गए थे। वहां पढ़ाई पूरी करने के साथ ही उन्होंने राजनीति में भी कदम रखा और धीरे-धीरे लोगों का भरोसा जीतते हुए आज वेलिंगबोरो शहर की सबसे बड़ी जिम्मेदारी संभालने की जगह पर पहुंच गए हैं। उनकी पत्नी अभिषेकता मिश्रा प्रतापगढ़ की रहने वाली हैं और एक इंजीनियर हैं। उनके दो बच्चे हैं और पूरा परिवार फिलहाल ब्रिटेन में ही रहता है।

राज मिश्रा की इस उपलब्धि ने ना सिर्फ मिर्जापुर बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश को गर्व का अहसास कराया है। उनके गांव भटेवरा से लेकर लंदन की गलियों तक अब उनके नाम की चर्चा हो रही है और ये कहानी एक मिसाल बन चुकी है उन तमाम युवाओं के लिए जो अपने सपनों को सच करने का हौसला रखते हैं।