उधमसिंह नगर में घरेलू गैस वितरण की मौजूदा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक नई प्रणाली लागू कर दी है। अब पूरे जिले में एलपीजी सिलेंडर सिर्फ घर घर पहुंचाकर ही दिए जाएंगे। प्रशासन ने साफ निर्देश जारी किए हैं कि किसी भी गैस एजेंसी को गोदाम या दफ़्तर से सीधे सिलेंडर देने की अनुमति नहीं होगी और ऐसा करने पर कड़ी कार्रवाई तय है।
यह फैसला पेट्रोलियम मंत्रालय और कुमाऊं मंडल विकास निगम लिमिडेट की ओर से भेजे गए दिशा निर्देशों के बाद लिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय ने अपने आदेश में उल्लेख किया है कि 24 मार्च से जिले की सभी एजेंसियों को सिर्फ होम डिलीवरी के माध्यम से ही घरेलू गैस पहुंचानी होगी। प्रशासन का मानना है कि यह कदम उपभोक्ताओं को हो रही दिक्कतों को कम करेगा और कालाबाजारी जैसे मामलों पर भी रोक लगाएगा।
गैस बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को संबंधित कंपनी के अधिकृत सिस्टम के जरिए ही सिलेंडर उनके घर पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम शामिल हैं। इस नई व्यवस्था को वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने स्पष्ट किया कि नियमों के खिलाफ काम करने वाली किसी भी एजेंसी पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने शिकायत दर्ज कराने के लिए महत्वपूर्ण नंबर भी जारी किए हैं। लोग जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के 05944-250250 या 05944-250500 पर संपर्क कर सकते हैं। एलपीजी से जुड़ी शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 18002333555 भी जारी है।
अधिकारियों, पूर्ति निरीक्षकों और गैस एजेंसी संचालकों को आदेश दिया गया है कि नई व्यवस्था का पूरी तरह पालन कराया जाए। प्रशासन को उम्मीद है कि इस बदलाव से उपभोक्ताओं को घर बैठे समय पर गैस सिलेंडर मिलेंगे और वितरण व्यवस्था पहले की तुलना में काफी बेहतर होगी। आदेश तुरंत प्रभाव से लागू हो चुका है।

