अल्मोड़ा। देश की राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर में एक रेस्टोरेंट में हुए दर्दनाक और अप्रिय अग्निकांड के बाद उत्तराखंड का पुलिस और फायर महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। इस घटना से सबक लेते हुए आज, 15 जून 2026 को अल्मोड़ा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन और धार्मिक स्थल जागेश्वर क्षेत्र में होटलों, रेस्टोरेंटों और पार्किंग स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई प्रदेश और जिला स्तर के उच्चाधिकारियों के निर्देशों के बाद अमल में लाई गई है।
अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) उत्तराखंड, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (अग्निशमन एवं आपात सेवा) देहरादून और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के आदेशानुसार जिले में विशेष फायर सेफ्टी ऑडिट शुरू किया गया है। इसी क्रम में सोमवार को मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) नरेंद्र सिंह कुंवर और प्रभारी अग्निशमन अधिकारी मुकेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में फायर स्टेशन अल्मोड़ा की टीम ने आरतोला-जागेश्वर क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया।
फायर ब्रिगेड की टीम ने क्षेत्र के विभिन्न होटलों, रेस्टोरेंटों और व्यावसायिक पार्किंगों में जाकर अग्नि सुरक्षा के इंतजामों को बारीकी से परखा। इस दौरान वहां उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) की कार्यप्रणाली और उनकी वैधता,आपातकालीन निकास की व्यवस्था,शॉर्ट सर्किट के खतरों को टालने के लिए विद्युत कनेक्शनों की सुरक्षा और वायरिंग की जांच के साथ ही फायर एनओसी की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान अग्निशमन व्यवस्थाओं में कमियां या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संस्थान को मौके पर ही कड़े नोटिस जारी किए। अधिकारियों ने इन संस्थानों को अविलंब अग्नि सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों को दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, फायर टीम द्वारा होटल और रेस्टोरेंट के कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों को चलाने और जान-माल की सुरक्षा करने के बारे में बताया।
