अल्मोड़ा-नगर क्षेत्र की खराब हो चुकी सड़कों के सुधारीकरण एवं हॉटमिक्स की मांग को लेकर अल्मोड़ा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने विभागीय अधिकारियों के सामने नगर की सड़कों की बदहाल स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि अल्मोड़ा नगर की अधिकांश सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं जिससे आम जनता,वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।उन्होंने कहा कि लंबे समय से सड़क सुधारीकरण की मांग उठाई जा रही है लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि नगर की सभी प्रमुख एवं संपर्क सड़कों का शीघ्र हॉटमिक्स कर गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़कों के सुधार की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो पार्टी जनहित में व्यापक आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगी।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि मुलाकात के बाद अधिशासी अभियंता ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि विभाग द्वारा सड़क मरम्मत एवं हॉटमिक्स कार्यों की कार्ययोजना तैयार की जा रही है और उपलब्ध बजट के अनुसार जल्द आवश्यक कार्य शुरू किए जाएंगे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता से लिखित में कार्य प्रारंभ होने का समय लिया जिसमें अधिशाषी अभियंता हर्षित गुप्ता के द्वारा बीस दिन के भीतर कार्य प्रारम्भ होने की बात लिखित रूप में कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल को दी।
प्रदर्शन में कांग्रेस नगर अध्यक्ष ताराचंद्र जोशी,एन.डी.पान्डे,वैभव पांडे,बी. के पान्डे,जगदीश पांडे,आनन्द सिंह बिष्ट,रितिक नयाल,परितोष जोशी,विकास कुमार (पार्षद),संजय दुर्गापाल, प्रदीप चन्द्र आर्या,हेम चन्द्र तिवारी,कार्तिक साह,आनन्द बगड़वाल,सलीम अख्बर,दीपक कुमार पार्षद,दिनेश पिलख्वाल,सुशील साह,देवेन्द्र बलोनी,अशोक कुमार, विक्रम सिंह फर्त्याल,पूरन रौतेला,शशांक बिष्ट,कुलदीप मेर आदि मौजूद रहे।
