अल्मोड़ा, 21 मई 2025: अल्मोड़ा के क्वारब मोटर मार्ग की बदहाली और कैंची धाम पर लगने वाले भीषण जाम को लेकर कांग्रेस पार्टी कल, 22 मई 2025 को जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करेगी। कांग्रेस नगर अध्यक्ष तारू जोशी ने इस मुद्दे पर सत्ताधारी भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष को जनता की परेशानियों की कोई चिंता नहीं है और वे केवल अपने नेताओं के महिमामंडन में लगे हैं।
तारू जोशी ने क्वारब मोटर मार्ग की धीमी कार्य प्रगति पर गहरा खेद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस मामले को इतनी गंभीरता से लिया जाना चाहिए, उस पर भाजपा नेता जनता की समस्याओं से इतर अपने नेतागणों का महिमा मंडन कर रहे हैं। जोशी ने सवाल उठाया कि आखिर कब तक यह कार्य पूर्ण होगा और आम जनता को राहत मिलेगी, इस पर कोई समयसीमा क्यों नहीं तय की जा रही है?
‘जादू की छड़ी’ या दिखावा?
जोशी ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से जब से कांग्रेस ने क्वारब मोटर मार्ग के शीघ्र सुधार और कैंची धाम पर जाम से निजात पाने के लिए जनआंदोलन की चेतावनी दी, अचानक से “जादू की छड़ी घुमाकर” (जैसा कि भाजपा के एक नेता द्वारा बोला गया) कागजों पर कार्य प्रगति पर दिखाने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने दुख व्यक्त किया कि केंद्रीय सड़क और परिवहन राज्य मंत्री द्वारा जनता को यह नहीं बताया जा रहा है कि कार्य कब तक पूर्ण होने की समयसीमा है।
कांग्रेस नेता ने केंद्रीय मंत्री की पूर्व की घोषणाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने याद दिलाया कि कुछ साल पहले अल्मोड़ा मृग विहार को मिनी जू बनाने की घोषणा की गई थी, लेकिन वर्ष बीत जाने के बाद भी मिनी जू शायद अभी भी फाइलों में ही चल रहा होगा और धरातल पर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है।
सोशल मीडिया पर भ्रमित करने का प्रयास?
तारू जोशी ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे उन वीडियो और फोटो पर भी सवाल उठाए, जिनके माध्यम से जनता को यह भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है कि क्वारब में कार्य प्रगति पर है। उन्होंने दावा किया कि वास्तव में ये दिखाए जाने वाला कार्य सिर्फ नदी द्वारा कटाव को रोकने का प्रयास भर है। जोशी ने जोर देकर कहा कि अभी तक कोई यह नहीं बता पा रहा है कि आने वाले बरसात के मौसम में मार्ग बंद न हो, इसके लिए क्या ठोस प्रयास किए गए हैं ताकि यातायात सुचारु रूप से चल सके।
उन्होंने जिलाधिकारी द्वारा रात के समय मार्ग बंद किए जाने वाले फरमान को पूर्णतया समाप्त करने की मांग की। जोशी ने यह भी पूछा कि पहाड़ी में इतनी बड़ी दरार कैसे आई और कैसे खुले आसमान में (जिसे प्राकृतिक आपदा का रूप दिया जा रहा है) पहाड़ भरभरा कर नीचे गिर गया? उन्होंने क्वारब में नवनिर्मित पुल के निर्माण के दौरान हुई घोर लापरवाही पर केंद्रीय मंत्री की चुप्पी पर भी सवाल उठाया और पूछा, “क्या इस चुप्पी को तोड़ने के लिए, जिस मार्ग का वह अल्मोड़ा आने-जाने के लिए लगातार सदुपयोग करते हैं, उसके लिए उनको ज्ञापन देने या पत्र व्यवहार करने की आवश्यकता पड़ेगी?”
12 वर्षों के कार्यकाल पर सवाल
तारू जोशी ने केंद्रीय सड़क राज्यमंत्री अजय टम्टा के लगभग 12 वर्ष के संसदीय कार्यकाल पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री रहने के दौरान भी मंत्री ने अल्मोड़ा के बेरोजगारों को रोजगार देने या जनता को कोई लाभ पहुंचाने वाली एक भी योजना नहीं बताई। जोशी ने तंज कसा कि शायद उस समय भी मंत्री जी को याद दिलाने के लिए कोई ज्ञापन या पत्र व्यवहार नहीं हुआ होगा कि यह आपका ही संसदीय क्षेत्र है और इसके लिए आपको कोई नीति बनानी चाहिए।
जोशी ने कहा कि आज भी स्थिति वही है: कागजों पर योजनाओं को दिखाया जा रहा है, लेकिन धरातल पर कुछ कार्य होता नहीं दिख रहा है। उन्होंने बरसात के मौसम में मार्ग सुचारु रखने और नदी में गिर रहे मलबे पर भी चिंता व्यक्त की। जोशी के अनुसार, नदी में मलबे का जाना भविष्य में नदी के मार्ग परिवर्तन का खतरा पैदा कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जिस प्रकार पहाड़ में बड़ी-बड़ी दरारें गंभीर हो गई हैं, यह खतरा हर समय बना हुआ है कि पूरा पहाड़ नीचे न आ जाए, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग लंबे समय तक बंद हो सकता है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस अत्यंत गंभीर और चिंतनीय विषय पर राज्य सरकार और केंद्रीय राज्य मंत्री की गंभीरता इसी बात से दिखाई देती है कि लगभग 1 वर्ष का समय व्यतीत हो जाने के बाद भी आज भी योजनाएं कागजों में ही बन रही हैं। उन्होने कहा कि भाजपा के राज में शासन मस्त और जनता त्रस्त है।
कांग्रेस की आगे की रणनीति
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस ने जनआंदोलन के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से अपनी बात रखने का निर्णय लिया है। पूर्व में अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी के नेतृत्व में क्वारब में धरना दिया गया था। अब अग्रिम रूपरेखा के अनुसार, कल 22 मई 2025 को जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष करन मेहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उप नेता सदन भुवन कापड़ी, जिलाध्यक्ष अल्मोड़ा भूपेंद्र भोज, विधायक अल्मोड़ा मनोज तिवारी, विधायक द्वाराहाट मदन सिंह बिष्ट, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, पूर्व पालिकाध्यक्ष शोभा जोशी सहित कई अन्य विधायक, पूर्व विधायक, विधानसभा प्रत्याशी, जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर, पिथौरागढ़, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, नगर कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस कमेटी, समस्त कांग्रेस फ्रंटल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाग लेंगे।
