हल्द्वानी में सीएम धामी ने हरी झंडी दिखाकर सिटी बस सेवा का किया शुभारंभ, शहरवासियों को मिली सस्ती सुरक्षित परिवहन की नई सुविधा

हल्द्वानी में मंगलवार का दिन शहरवासियों के लिए खास रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। सर्किट हाउस परिसर…

हल्द्वानी में मंगलवार का दिन शहरवासियों के लिए खास रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। सर्किट हाउस परिसर से हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि यह पहल शहर के विकास और नागरिकों की सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

25

सीएम धामी ने कहा कि सिटी बस सेवा से लोगों को सस्ती, सुरक्षित और सुलभ परिवहन सुविधा मिलेगी। इससे शहर में यातायात का दबाव कम होगा, प्रदूषण घटेगा और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड के हर नगर में आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित करना है ताकि आम जनता को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सिटी बस सेवा को चरणबद्ध तरीके से शहर के प्रमुख मार्गों पर चलाया जाएगा। इससे स्थानीय नागरिकों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को अधिक सुविधा प्राप्त होगी।

इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत, राम सिंह केड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, आईजी रिद्धिमा अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी अनामिका और अन्य जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी भी मौजूद रहे।