लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार दोपहर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के घर उनके बेटे को शादी की बधाई देने के लिए पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां केशव के परिजनों के साथ भोजन भी किया। इस मौके पर उनके साथ उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष सहित कई अन्य लोग भी थे।
डिप्टी सीएम केशव ने सभी का अपने घर पर स्वागत किया और उनके साथ कुछ समय गुजारा। दरअसल, मुख्यमंत्री योगी की केशव के घर विजिट ऐसे समय में हुई है जब बीएल संतोष लखनऊ के दौरे पर हैं और यूपी चुनाव को लेकर लगातार बैठकों का दौर चल रहा है।
कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी ने इस विजिट से सरकार व संगठन में एकता का संदेश दिया है। दरअसल, अभी कुछ ही दिनों पहले केशव ने बयान दिया था कि चुनाव के बाद मुख्यमंत्री का फैसला पार्टी हाईकमान तय करेगा। जिसके बाद चुनाव किसके चेहरे को आगे कर लड़ा जाएगा इस पर बयान बाजी होने लगी थी। बता दें कि मंगलवार शाम को ही भाजपा मुख्यालय में हुई बैठक में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कैबिनेट मंत्रियों के साथ शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने योगी को अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया। उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा का स्वागत करते केशव प्रसाद मौर्य। बीएल संतोष का स्वागत करते उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य।

