उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि राज्य सरकार चार धाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित, व्यवस्थित संचालन के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हो गई है।
यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री का कहना है कि राज्य में चार धाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित रूप से संचालित हो रही है।
यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहतरीन है और हेली सेवाएं भी सुगमता से जारी हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने यह भी आदेश दिए की सभी सचिवों को समय-समय पर चार धाम यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण करने हेतु भेजा जाए ताकि व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत के बारे में पता चल सके और आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने मुख्य सचिव को इस संबंध में समुचित दिशा-निर्देश जारी करने के निर्देश दिए हैं।
रियल टाइम मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी प्रभावी बनाई जा रही है जिसे लेकर मुख्यमंत्री धामी ने कहा की यात्रा की रियल टाइम मॉनिटरिंग की व्यवस्था सुचारू रूप से बनाई जाए ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आगामी मानसून से पहले सभी तैयारियां पूर्ण करने के आदेश भी दिए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य में संचालित अन्य धार्मिक यात्राओं के लिए भी सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर बल दिया। राज्य सरकार चारधाम यात्रा को श्रद्धालुओं के लिए एक यादगार, सुरक्षित और सुविधाजनक अनुभव बनाने हेतु सतत प्रयासरत है।