नैनीताल जिले के रामनगर में मंगलवार दोपहर एक चिंताजनक मामला सामने आया, जहां स्कूल से घर लौट रहे चार नाबालिग छात्राओं और एक छात्र को एक अधेड़ व्यक्ति ने फुसलाकर अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ किए जाने का आरोप भी लगा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार घटना स्कूल की छुट्टी के तुरंत बाद हुई, जब पांचों बच्चे अपने घरों की ओर जा रहे थे। रास्ते में एक अनजान व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया और बहाना बनाते हुए कहा कि उनके परिजनों ने ही उसे भेजा है। बच्चों को उसकी बातों पर शक हुआ, लेकिन जब एक छात्रा ने विरोध किया तो वह उसके साथ जोर-जबरदस्ती पर उतर आया। छात्रा किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची और पूरी बात परिजनों को बताई।
रामनगर के एक मोहल्ले में रहने वाले बच्चे के परिजन ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी 10 वर्षीय बेटी हनुमानगढ़ी स्थित स्कूल में पढ़ती है। छात्रा के अनुसार आरोपी ने पहले उन्हें अपने साथ चलने का दबाव बनाया और फिर मौका देखकर उसके साथ अभद्र हरकत की।
जानकारी मिलते ही परिजन आरोपी की खोज में निकल पड़े और उसे बालाजी मंदिर के पास बने एक पार्क में पकड़ा, जहां वह अन्य बच्चों के बीच मौजूद था।
स्थानीय लोगों की मदद से व्यक्ति को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया। घटना के बाद आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई है और अभिभावक स्कूलों के आसपास सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। मामले पर सीओ सुमित पांडे ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पूरी घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने अभिभावकों से अपील भी की है कि वे बच्चों को अजनबियों से दूरी बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि की तुरंत सूचना देने के लिए जागरूक करें, ताकि ऐसे मामलों को समय रहते रोका जा सके।