अल्मोड़ा के रानीधारा में मंजुल स्मृति छात्रवृत्ति वितरण समारोह समिति की एक बैठक आयोजित की गई। पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में निर्णय लिया गया कि वर्ष 2026 के लिए यह छात्रवृत्ति ताकुला विकासखंड के राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को प्रदान की जाएगी।
समिति ने स्पष्ट किया कि छात्रवृत्ति के लिए वे अभ्यर्थी पात्र होंगे जिन्होंने कक्षा 10 उत्तीर्ण कर ली है और वर्तमान में कक्षा 11 में अध्ययनरत हैं। चयनित जिज्ञासु और जरूरतमंद विद्यार्थियों को यह सहायता कक्षा 11 और 12 यानी कुल दो वर्षों तक दी जाएगी।
गौरतलब है कि समिति वर्ष 2022 से निरंतर छात्रवृत्ति का वितरण कर रही है और अब तक लमगड़ा, हवालबाग, भैसियाछाना और धौलादेवी ब्लॉक के छात्र इसका लाभ उठा चुके हैं। इस बार ताकुला ब्लॉक के नए चयन के साथ ही धौलादेवी ब्लॉक के पिछले वर्ष के चयनित छात्रों को दूसरे वर्ष की किश्त भी जारी की जाएगी।
बैठक में तय हुआ कि जुलाई माह में वितरण समारोह आयोजित होगा और जल्द ही ताकुला के विद्यालयों में आवेदन पत्र उपलब्ध करा दिए जाएंगे। इस अवसर पर रघु तिवारी, नीलिमा भट्ट, अशोक पंत, डॉ. हेमंत पांडे सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे। अल्मोड़ा की अन्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।

