अल्मोड़ा। जनपद में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत बड़े पैमाने पर हुए डॉक्टरों के स्थानांतरण को लेकर मचे घमासान के बीच कांग्रेस ने अब सीधे उत्तराखंड के महामहिम राज्यपाल के पास गुहार लगाई है। जिला कांग्रेस कमेटी और नगर कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने अल्मोड़ा जनपद से किए गए 39 चिकित्सकों के तबादलों को जनविरोधी बताते हुए इन्हें तत्काल निरस्त करने की मांग की है। इस संबंध में कांग्रेसियों ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को एक कड़ा ज्ञापन प्रेषित किया है।
राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में कहा गया है कि अल्मोड़ा जनपद पूरे कुमाऊँ मंडल का एक प्रमुख और लाइफलाइन स्वास्थ्य केंद्र है। इस जिले की चिकित्सा व्यवस्था का सीधा संबंध पड़ोसी जनपद बागेश्वर, पिथौरागढ़ सहित कई अन्य सीमांत क्षेत्रों की गरीब जनता से भी जुड़ा हुआ है। जनपद के बेस चिकित्सालय और जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन हजारों की संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, जहां गंभीर रोगियों को भी प्राथमिक और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।ऐसे में बिना कोई वैकल्पिक व्यवस्था के अल्मोड़ा से 39 डॉक्टरों का तबादला कर दिया गया।
बिना समुचित व्यवस्था के 39 विशेषज्ञों को हटाने का आरोप
कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने बिना कोई वैकल्पिक या समुचित व्यवस्था किए एक साथ 39 चिकित्सकों का स्थानांतरण कर दिया है। यहां तक कि जनरल सर्जन, फिजिशियन, बाल रोग विशेषज्ञ (शिशु रोग), ईएनटी सर्जन, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ जैसे कई अन्य महत्वपूर्ण विशेषज्ञ चिकित्सको का तबादला कर दिया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इन अव्यावहारिक स्थानांतरणों से जनपद की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से पटरी से उतर जाएंगी और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की लाचार जनता को इलाज के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
ज्ञापन में कहा गया है कि कई डॉक्टरों के स्थानांतरण उनके पारिवारिक परिस्थितियों और शासन के अपने ही तय मानकों व शासनादेशों के अनुरूप नहीं किए गए हैं। बिना किसी ठोस कारण के किए गए इन तबादलों से ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों और उनके परिवारों के समक्ष भी गंभीर व कठिन सामाजिक परिस्थितियां उत्पन्न हो रही हैं।
जिला कांग्रेस ने महामहिम राज्यपाल से जनहित और पहाड़ की स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए इस पूरे मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने अल्मोड़ा जनपद से किए गए इन सभी तबादलों की पुनः निष्पक्ष समीक्षा की जाए और जनविरोधी निर्णयों को तुरंत निरस्त किए जाने की मांग की है।
ये प्रमुख कांग्रेसी रहे मौजूद
जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। ज्ञापन सौंपने वालों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, महिला जिला अध्यक्ष राधा बिष्ट, गीता मेहरा, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री केवल सती,परितोष जोशी, कुंदन भंडारी, पूरन रौतेला, निर्मल रावत, विनोद वैष्णव, मनोज वर्मा, गोविंद मेहरा, हेम आर्य, मुकेश कुमार, जगदीश तिवारी, कृष्णा बिष्ट, हरीश भट्ट और कन्नू बिष्ट सहित दर्जनों कांग्रेस जन मौजूद रहे।

