उत्तराखंड में हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। ताजा मामला नैनबाग के सुमन क्यारी का है, जहां रविवार सुबह सेब से भरा पिकअप वाहन खाई में गिर गया। यह वाहन लगभग 300 मीटर नीचे यमुना नदी के किनारे जा पहुंचा। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार मोरी से सेब लेकर विकासनगर की ओर जा रहा पिकअप सुमन क्यारी के पास अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में चार लोग सवार थे। इनमें से दो तो गिरने से पहले ही छिटक कर दूर जा गिरे। उन्हें हल्की चोटें आई हैं और वे नैनबाग अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हैं।
पुलिस को जैसे ही घटना की सूचना मिली, टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल सुल्तानू लाल और विपिन सिंह को 108 एंबुलेंस की सहायता से देहरादून रेफर कर दिया गया। नैनबाग अस्पताल के नर्सिंग अधिकारी अभिषेक के अनुसार दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत ने बताया कि हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ। पिकअप में सवार सभी युवक उत्तरकाशी जिले के मोरी थाना क्षेत्र के ग्राम नूरानी नैटवाड़ के रहने वाले हैं। ये लोग सेब की ढुलाई कर रहे थे और विकासनगर की ओर जा रहे थे।
गौर करने वाली बात यह भी है कि कुछ दिन पहले ही विकासनगर के हरिपुर मीनस मोटर मार्ग पर इसी तरह का हादसा हुआ था, जहां एक पिकअप वाहन टौंस नदी में जा गिरा था। उस दुर्घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ और एक लापता हो गया था, जिसकी खोज में टीमें लगातार जुटी रहीं।
प्रदेश में सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। प्रशासन हादसों के बाद नियमों को लेकर सख्ती जरूर दिखाता है, लेकिन जैसे ही मामला शांत होता है, सारी मुहिम ठंडे बस्ते में चली जाती है।।
