Almora Breaking- BCI की Approved List से गायब एसएसजे यूनिवर्सिटी का LLB कोर्स, छात्रों के भविष्य पर मंडराया संकट

अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय (SSJ University), अल्मोड़ा के एलएलबी पाठ्यक्रम की बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) से मान्यता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो…

breaking

25
26

अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय (SSJ University), अल्मोड़ा के एलएलबी पाठ्यक्रम की बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) से मान्यता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। BCI की आधिकारिक Approved List of Centres of Legal Education में विश्वविद्यालय के एलएलबी पाठ्यक्रम का नाम दिखाई नहीं देता। ऐसे में विधि की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों और नए प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के बीच चिंता का माहौल है।

👉 यहां देखें BCI की आधिकारिक Approved List:

BCI Approved List of Law Colleges / Universities

बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने आवेदन की अंतिम तिथि चार बार बढ़ाई, 31 जुलाई 2026 तक दिया अंतिम अवसर; फिर भी आधिकारिक Approved List में नहीं दिखा विश्वविद्यालय का नाम

बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए संबद्धता की स्वीकृति (Extension of Approval of Affiliation) के विस्तार हेतु आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि प्रारंभ में 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की थी। इसके बाद संस्थानों को पर्याप्त अवसर देते हुए अंतिम तिथि को क्रमशः 16 जनवरी 2026, 5 मार्च 2026 तथा अंततः 31 जुलाई 2026 तक बढ़ाया गया। 13 जुलाई 2026 को जारी परिपत्र संख्या BCI:D:4557/2026 के माध्यम से यह अंतिम अवसर प्रदान किया गया।

👉 यहां पढ़ें BCI का अंतिम विस्तार आदेश:

BCI Extension Notification (31 July 2026 Final Opportunity)

BCI ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि विधि शिक्षा नियम, 2008 (Rules of Legal Education, 2008) के नियम 16(2) के अनुसार कोई भी विधि शिक्षा संस्थान संबंधित विश्वविद्यालय से संबद्धता (Affiliation) अथवा संबद्धता जारी रहने (Continuation of Affiliation) का वैध आदेश प्राप्त किए बिना BCI को आवेदन प्रस्तुत नहीं कर सकता। आवेदन के साथ संबंधित शैक्षणिक सत्र का वैध संबद्धता आदेश, सभी अनिवार्य दस्तावेज तथा निर्धारित शुल्क संलग्न करना भी आवश्यक है।

BCI ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल उन्हीं संस्थानों के आवेदन पर विचार किया जाएगा जिन्हें 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल पर अंतिम रूप से जमा किया गया हो तथा जिनके साथ सभी आवश्यक दस्तावेज और शुल्क संलग्न हों। इसके बाद दस्तावेजों की जांच, आवश्यकता पड़ने पर निरीक्षण तथा सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद ही संबद्धता के विस्तार का निर्णय लिया जाएगा।

इन सभी अवसरों के बावजूद BCI की वर्तमान Approved List में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के एलएलबी पाठ्यक्रम का नाम दिखाई नहीं देता। इससे यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए विश्वविद्यालय के विधि पाठ्यक्रम को BCI की स्वीकृति प्राप्त है? यदि हां, तो उसका नाम आधिकारिक Approved List में क्यों नहीं है?

बार काउंसिल ऑफ इंडिया के नियमों के अनुसार, किसी भी विधि पाठ्यक्रम की BCI स्वीकृति विद्यार्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि आगे चलकर अधिवक्ता (Advocate) के रूप में राज्य बार काउंसिल में नामांकन (Enrollment) के लिए BCI से मान्यता प्राप्त विधि पाठ्यक्रम आवश्यक होता है।

अब छात्रों, अभिभावकों और विधि समुदाय की निगाहें विश्वविद्यालय प्रशासन पर हैं। विश्वविद्यालय को इस पूरे मामले पर स्पष्ट करना चाहिए कि शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए BCI स्वीकृति की वर्तमान स्थिति क्या है, आवेदन किया गया था या नहीं, तथा यदि किया गया था तो उसकी स्थिति क्या है? उत्तरा न्यूज की ओर से इस मामले में पूछे जाने पर सोबन सिंह जीना परिसर के कुलसचिव डॉ. देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी नही है। इस मामले में ​परिसर का विधि विभाग ही स्पष्ट रूप से जानकारी दे सकता है।

Leave a Reply