अल्मोड़ा। नगर में रविवार को आयोजित निःशुल्क हैल्थ चेकअप कैंप में बड़ी तादाद में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। मेडिकल हॉल व इसके सहयोगी प्रतिष्ठान लक्ष्मी मेडिकल हॉल, चौक बाजार के संयोजन में आयोजित शिविर में पीएसपी मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, हल्द्वानी के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की।
शिविर में मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों ने परामर्श दिया,साथ में ही खून और ब्लड प्रेशर की जांच भी पूरी तरह मुफ्त की गई। शिविर के शुभारंभ अवसर पर प्रतिष्ठान के संचालक राघव पंत ने हल्द्वानी से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों का स्वागत किया।
शिविर में पहुंचे मरीजों को विभिन्न बीमारियों के निवारण की सलाह दी गई। इस दौरान विशेष तौर पर पेट दर्द, गैस, एसिडिटी, फैटी लिवर, पीलिया, अल्सर, कब्ज के साथ ही पाचन संबंधी समस्याओं के उपचार के तरीके बताए गए। वहीं अस्थमा, सीओपीडी, निमोनिया, फेफड़ों के संक्रमण, सांस फूलना और लगातार खांसी जैसी सांस से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित मरीजों का गहन परीक्षण किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में लगभग 200 मरीजों का परीक्षण किया गया। पहले दिन आयोजन की सफलता को देखते हुए आयोजकों ने इस सिलसिले को भविष्य में भी जारी की बात की है। हैल्थ चैकअप कैंप में कुमाऊं के पूर्व स्वास्थ्य निदेशक डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, नगर के प्रमुख समाजसेवी किशन गुरूरानी, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. हर्षवर्धन पंत, तकनीशियन जगदीश बिष्ट और भगवान दत्त साह आदि लोग जुटे रहे।

