अल्मोड़ा के रानीधारा निवासी सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य नरेंद्र मोहन पंत का निधन हो गया है।
वह पूर्व संग्रहालय प्रभारी स्वर्गीय मंजू तिवारी के बड़े भाई थे। सोमवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।उनकी अंतिम यात्रा आज उनके निवास रानीधारा, अल्मोड़ा से प्रातः 11:00 प्रस्थान करेगी।
यह जानकारी उनके रिश्तेदार उपपा प्रमुख पीसी तिवारी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की है।
नरेंद्र मोहन पंत अत्यंत सरल, सौम्य एवं अनुशासित व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन शिक्षा के क्षेत्र को समर्पित किया। भौतिक विज्ञान (फिजिक्स) के शिक्षक के रूप में उन्होंने हजारों विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और उन्हें केवल विषय का ज्ञान ही नहीं, बल्कि जीवन के मूल्य, अनुशासन और ईमानदारी का भी पाठ पढ़ाया।
सेवानिवृत्ति के बाद भी वे विभिन्न सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय रहे और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे।
उनके निधन से परिवार, मित्रों, विद्यार्थियों तथा समूचे समाज को अपूरणीय क्षति पहुँची है। शिक्षा क्षेत्र से जुड़े संगठनों व सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

