अल्मोड़ा। जनपद के देवस्थल क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ कोसी नदी में नहाने गए पांच दोस्तों में से दो युवकों की नदी के गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। इस भीषण हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को अल्मोड़ा मुख्यालय से पांच दोस्त देवस्थल के समीप कोसी नदी के किनारे घूमने और मौज-मस्ती करने पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक, सभी दोस्त नदी किनारे पार्टी कर रहे थे और इसी दौरान वे नदी में नहाने के लिए चले गए।
गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आए युवक
नदी में नहाते और मौज-मस्ती करते समय अचानक दो युवक पानी के तेज बहाव और गहराई का अंदाजा न मिलने के कारण नदी के गहरे हिस्से में चले गए। गहरे पानी में जाते ही दोनों युवक अनियंत्रित होकर डूबने लगे। किनारे पर मौजूद उनके अन्य साथियों ने उन्हें बचाने का काफी प्रयास किया और शोर मचाया, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।
पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
साथी युवकों ने इस दर्दनाक हादसे की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें तुरंत राहत और बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू टीम ने नदी में उग्र अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत और खोजबीन के बाद दोनों युवकों को नदी के गहरे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और दोनों दम तोड़ चुके थे।
मृतकों में एक अल्मोड़ा और दूसरा हल्द्वानी का निवासी
पुलिस प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान सोनू कनवाल (उम्र 26 वर्ष), पुत्र महेंद्र सिंह कनवाल, निवासी— दुगालखोला, अल्मोड़ा और धीरज गड़िया (उम्र 37 वर्ष), निवासी— मोटाहल्दू, हल्द्वानी (मूल निवासी— बागेश्वर) के रूपमे हुई हैं।
पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेज दिया है।

