नगर निगम अल्मोड़ा के डुबकिया वार्ड में सार्वजनिक रास्ते, मंदिर और क्रिया-कर्म स्थल पर अवैध अतिक्रमण पर त्वरित कार्रवाई की मांग को लेकर पार्षद अंजू बिष्ट ने सीएम को ज्ञापन दिया।
पार्षद अंजू बिष्ट ने क्षेत्रवासियों के साथ सीएम से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में पार्षद अंजू बिष्ट ने आरोप लगाया है कि डुबकिया वार्ड के अंतर्गत एक व्यक्ति ने सार्वजनिक रास्ते, मंदिर और क्रिया-कर्म घाट स्थल पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर लिया गया है।
इस अवैध कब्जे के कारण क्षेत्र की आम जनता को आवागमन में भारी दिक्कतों और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षद ने बताया कि इस गंभीर जनसमस्या के संबंध में पहले भी संबंधित विभागों और प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद अभी तक इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है।
प्रशासन की इस ढुलमुल नीति से स्थानीय निवासियों में गहरा रोष है।
मुख्यमंत्री के अल्मोड़ा आगमन पर क्षेत्रवासियों को न्याय की आस जगी है। पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है कि वे जनहित के इस संवेदनशील मामले को खुद संज्ञान में लें। साथ ही, संबंधित विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके से शीघ्र अति शीघ्र अवैध अतिक्रमण हटाने के कड़े निर्देश जारी करें, ताकि आम जनता को इस परेशानी से राहत मिल सके और बाधित मार्ग को फिर से सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।
इस शिकायती पत्र पर पार्षद अंजू बिष्ट के साथ-साथ वार्ड के तमाम गणमान्य नागरिकों और क्षेत्रवासियों ने अपने हस्ताक्षर कर त्वरित और उचित कानूनी कार्रवाई की पुरजोर मांग की है।
इस जनसमस्या के समाधान के लिए पार्षद अंजू बिष्ट के साथ वार्ड के तमाम स्थानीय नागरिकों ने एकजुट होकर शिकायत पत्र पर अपने हस्ताक्षर किए हैं, जिनमें राकेश बिष्ट, पूजा, महेश, दान सिंह, राजू, शान्ति देवी, धीरज रावत, दीपक, काला देवी, रीमा बिष्ट, हरदयाल सिंह, शांति देवी, मजिन्दर सिंह, खीम राज, हरीश सिंह, रणजीत सिंह, हाफिज एवं अन्य स्थानीय निवासी शामिल रहे।
