अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी का द्विवार्षिक अधिवेशन 1 और 2 जून को रामनगर में आयोजित होगा। अधिवेशन में भागीदारी को लेकर अल्मोड़ा में कार्यकर्ताओं ने बैठक कर बड़ी संख्या में रामनगर पहुंचने की अपील की।
बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पी.सी.तिवारी ने कहा कि वर्तमान घोर अवसरवाद के दौर में उपपा ही एकमात्र क्षेत्रीय पार्टी है जो राज्य की अवधारणा के लिए कार्य कर रही है और जनसंघर्षों में सक्रिय भागीदारी निभा रही है और सामाजिक, राजनीतिक और व्यवस्था परिवर्तन के लिए कार्यरत है।
बैठक में नीट परीक्षा के पेपर लीक मामले पर गहरा रोष व्यक्त किया गया। पार्टी ने कहा कि एक तरफ एनटीए जैसी संस्था युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर उन्हें मानसिक और सामाजिक संकट की ओर धकेल रही है और इसके कारण कई युवा अवसाद में अपनी जान दे रहे है,वहीं दूसरी तरफ संवैधानिक पदों पर बैठे ज़िम्मेदार लोगों द्वारा बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने द्विवार्षिक अधिवेशन को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों से अधिक से अधिक सहयोग और भागीदारी की अपील की है। बैठक में पार्टी की वरिष्ठ नेता और केंद्रीय उपाध्यक्ष आनंदी वर्मा,महासचिव एडवोकेट नारायण राम, मोहम्मद शाकिब,वसीम, दया कृष्ण कांडपाल, एडवोकेट गोपाल राम, किरण आर्या, भारती पांडे, ममता जोशी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उत्तराखंड की अन्य मुख्य खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए यहाँ क्लिक करें।

