दुनिया की प्रतिष्ठित अमेरिकी पत्रिका ‘टाइम’ (Time) ने साल 2026 के लिए दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों की बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी है। इस बार की सूची भारत के लिहाज से काफी चौंकाने वाली है, क्योंकि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस बार भी इस लिस्ट में जगह नहीं मिली है। हालांकि, इस बार तीन भारतीयों ने इस प्रतिष्ठित सूची में अपनी जगह बनाकर देश का मान बढ़ाया है।
अमृतसर की गलियों से टाइम मैगजीन तक पहुंचे शेफ विकास खन्ना
इस साल की लिस्ट में सबसे खास नाम मशहूर भारतीय शेफ विकास खन्ना का है। अमृतसर की तंग गलियों से लेकर न्यूयॉर्क के बड़े रेस्टोरेंट्स तक का सफर तय करने वाले विकास खन्ना को उनके ‘इनोवेटिव’ काम और भारतीय संस्कृति को वैश्विक पटल पर पहचान दिलाने के लिए शामिल किया गया है।
विकास खन्ना के अलावा, बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर और गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने भी भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए इस सूची में अपनी जगह पक्की की है। यूट्यूब के सीईओ नील मोहन भी भारतीय मूल के उन दिग्गजों में शामिल हैं जिन्होंने इस बार बाजी मारी है।
दुनिया के इन दिग्गज नेताओं को मिली जगह
टाइम 100 की इस सूची में दुनिया के कई ताकतवर नेताओं के नाम शामिल हैं। इनमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग प्रमुख हैं। इनके अलावा नेपाल के नए प्रधानमंत्री बालेन शाह और बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान भी इस बार अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे। मैगजीन ने इन नेताओं को उनकी बदलती वैश्विक नीतियों और प्रभाव के आधार पर चुना है।
टेक और एआई की दुनिया का दबदबा
तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में काम करने वाले दिग्गजों ने भी इस लिस्ट में खास जगह बनाई है। गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई को एआई लीडर के तौर पर चुना गया है, जबकि यूट्यूब के सीईओ नील मोहन का नाम भी प्रभावशाली लोगों में शामिल है। इसके अलावा स्पेसएक्स की सीओओ ग्वेन शॉटवेल और ओपन एआई की सीएफओ सारा फ्रायर जैसे नाम इस बात की गवाही देते हैं कि दुनिया तेजी से तकनीक की ओर बढ़ रही है।
मोदी का नाम न होने पर उठ रहे सवाल
गौरतलब है कि साल 2014 के बाद से यह छठी बार है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस लिस्ट में जगह नहीं मिली है। इससे पहले मोदी कई बार इस सूची का हिस्सा रह चुके हैं और दो बार तो वे मैगजीन के कवर पेज पर भी नजर आए थे। पिछले साल अप्रैल 2025 की लिस्ट में भी एक भी भारतीय का नाम नहीं था, लेकिन इस बार शेफ विकास खन्ना और रणबीर कपूर जैसे नामों की एंट्री ने भारतीय प्रशंसकों को थोड़ी राहत जरूर दी है।



