सोमेश्वर,8 अप्रैल 2026
अल्मोड़ा जिले की कोतवाली सोमेश्वर और ऑपरेशन स्माइल की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता मिली है। टीम ने घर से लापता हुए एक 17 वर्षीय नाबालिग बालक को नैनीताल जिले के हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 अप्रैल 2026 को सोमेश्वर क्षेत्र के एक निवासी ने पुलिस को तहरीर दी थी कि उनका 17 वर्षीय बेटा 4 अप्रैल को घर से सोमेश्वर बाजार के लिए निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली सोमेश्वर में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी गई।
मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए अल्मोड़ा के एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने प्रभारी निरीक्षक अल्मोड़ा और प्रभारी ऑपरेशन स्माइल को बालक को जल्द से जल्द बरामद करने के सख्त निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन और सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में एक विशेष संयुक्त टीम ने काम शुरू किया।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोमेश्वर मदन मोहन जोशी और प्रभारी महिला कोतवाली व स्माइल टीम जानकी भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए 8 अप्रैल को नाबालिग को हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद बालक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
रेस्क्यू अभियान में कोतवाली सोमेश्वर के अपर उप निरीक्षक रमेश कुमार हेड कांस्टेबल हरीश कुमार और ऑपरेशन स्माइल टीम के हेड कांस्टेबल प्रकाश चंद्र व महिला कांस्टेबल मंजू आर्या शामिल रहे।

