अल्मोड़ा, 8 अप्रैल 2026
भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) हल्द्वानी की टीम ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विजिलेंस टीम ने अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा ब्लॉक में तैनात एक लेखाकार (अकाउंटेंट) को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पूरे ब्लॉक कार्यालय में हड़कंप मच गया है।
बिलों के भुगतान के एवज में मांगी थी घूस
प्राप्त जानकारी के अनुसार लमगड़ा ब्लॉक कार्यालय में तैनात लेखाकार हरीश बिष्ट पर आरोप था कि वह एक व्यक्ति से उसके लंबित बिलों का भुगतान करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। आरोपी लेखाकार ने बिल पास करने के लिए 15 हजार रुपये मांगे थे। बार बार चक्कर काटने और रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस से संपर्क किया और इसकी शिकायत दर्ज कराई।
विजिलेंस ने जाल बिछाकर किया गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की प्रारंभिक जांच की। शिकायत सही पाए जाने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपी को पकड़ने के लिए एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। बुधवार को योजना के मुताबिक ट्रैप टीम ने ब्लॉक कार्यालय के पास जाल बिछाया और आरोपी लेखाकार हरीश बिष्ट को शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही रंगे हाथ दबोच लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस की टीम आरोपी लेखाकार को अपने साथ ले गई है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

