अल्मोड़ा: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हवालबाग में गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी अल्मोड़ा डॉ. प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में आज स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई ।
यह बैठक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हवालबाग सभागार में हुई, जिसमें हवालबाग ब्लॉक के चिकित्सा अधिकारियों और विभिन्न संवर्गों के स्वास्थ कर्मचारियों ने भाग लिया ।
बैठक में डॉ. प्रवीण कुमार ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत चल रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की ।
उन्होंने इन कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया और सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को अपने कार्यक्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए निष्ठापूर्वक कार्य करने का निर्देश दिया ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संचारी एवं असंचारी रोग नियंत्रण, मिशन शक्ति और आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री टी बी मुक्त भारत अभियान जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की भी समीक्षा की । उन्होंने सभी कार्यक्रमों के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर बल दिया ।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन तिवारी ने दोहराया कि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है । उन्होंने कहा कि इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे ।
बैठक में , राजकीय टी बी क्लिनिक की टीम,जिला कार्यक्रम प्रबंधक , जिला एकाउंट प्रबंधक सहित अन्य हवालबाग चिकित्सा स्वास्थ्य कर्मचारी,फार्मासिस्ट, ए एन एम,सी एच ओ और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे ।

