हवालबाग/ (अल्मोड़ा):ज्ञान विज्ञान चिल्ड्रंस एकेडमी, हवालबाग में नए शिक्षा सत्र का शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच सुंदरकांड पाठ एवं दीप यज्ञ के साथ किया गया।
इस आयोजन का उद्देश्य विद्यालय एवं क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना तथा विद्यार्थियों में अच्छे संस्कारों का विकास करना रहा।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस, परंपरा के अनुसार सुंदरकांड का भव्य पाठ शुभम जोशी द्वारा किया गया। इस अवसर पर दिल्ली से पधारे सुरेंद्र सिंह नेगी द्वारा प्रसाद वितरण किया गया। विद्यालय परिवार ने श्री नेगी का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया एवं उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक एवं क्षेत्रीय जनमानस की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रहा।
कार्यक्रम के द्वितीय दिवस, 2 अप्रैल को अल्मोड़ा गायत्री परिवार के प्रमुख भीम सिंह अधिकारी के सान्निध्य में दीप यज्ञ का आयोजन किया गया।
इस यज्ञ में गायत्री परिवार से आए हरीश बिष्ट एवं मोहन चंद्र पांडेय का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।
इस पावन अवसर पर विद्यालय के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पवित्र मंत्रोच्चारण के साथ स्वागत किया गया तथा उन्हें उपहार भेंट किए गए। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षकगण द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का हृदय से आभार व्यक्त किया गया।
विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि इस नव सत्र में सभी विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ उत्तम संस्कारों को आत्मसात कर अपने जीवन लक्ष्यों की प्राप्ति करेंगे तथा समाज में एक आदर्श स्थापित करेंगे।

