उधम सिंह नगर जिले में चलती रोडवेज बस पर हुए हमले ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। नेशनल हाईवे पर गदरपुर और केलाखेड़ा के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब टनकपुर से हरिद्वार जा रही बस पर कुछ युवकों ने अचानक पथराव कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बस और बाइक सवार युवकों के बीच ओवरटेक को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद बात इतनी बढ़ गई कि बाइक सवार युवकों ने बस का पीछा करते हुए हमला कर दिया।
चीनी मिल के पास पहुंचते ही हमला करने वालों ने चलती बस पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए और डंडों से शीशे तोड़ डाले। अचानक हुए इस हमले से बस में बैठी सवारियों में हड़कंप मच गया और कई यात्री डर के मारे चीखने लगे। इस दौरान चालक भी घायल हुआ, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए बस को किसी तरह दोराहा चौकी तक पहुंचा दिया, जिससे कोई बड़ा हादसा होने से बच गया।
इस बीच, कुछ यात्रियों ने पूरी वारदात अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि किस तरह बस पर हमला किया गया और यात्री दहशत में बैठे दिखाई दे रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग सक्रिय हो गया और बस चालक की तहरीर के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और यात्रियों द्वारा बनाए गए वीडियो की मदद से आरोपियों की पहचान की कोशिश जारी है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी बाजपुर विभव सैनी के अनुसार, ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ विवाद इस बड़े हमले में बदल गया। पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की बात कही है।

