अल्मोड़ा:: उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में बुधवार को अल्मोड़ा के मल्ला महल में बहुउद्देशीय शिविर एवं जन- जन की सरकार चार साल बेमिसाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का प्रसारण किया गया, जिसमें उन्होंने चार वर्षों की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताते हुए राज्य के समग्र विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर जनसामान्य को योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं प्रदान की गईं। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मेयर नगर निगम अजय वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बीते चार वर्षों में उत्तराखण्ड ने विकास, विश्वास और सुशासन का एक सशक्त मॉडल प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता, सशक्त भू-कानून एवं नकल विरोधी कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने राज्य की पहचान को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार निष्पक्षता तथा पारदर्शिता के साथ विकास के रास्ते पर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री धामी के भाषण का हुआ प्रसारण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का प्रसारण किया गया जिसमें उन्होंने कहा कि सरकार ने बीते चार वर्षों में विकास के साथ-साथ सुशासन की नई कार्य संस्कृति स्थापित की है। राज्य की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा जीएसडीपी और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि दर्ज की गई है। रोजगार के अवसरों में विस्तार करते हुए हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है और नकल विरोधी कानून के माध्यम से भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित हुआ है, जिससे औद्योगिक विकास को गति मिली है। साथ ही, महिलाओं के सशक्तिकरण, स्टार्टअप को बढ़ावा, तथा पर्यटन क्षेत्र में रिकॉर्ड वृद्धि राज्य की उपलब्धियों को दर्शाती है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून एवं भू-कानून जैसे निर्णयों के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक संतुलन को सुदृढ़ किया गया है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैडा, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा एवं दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट ने भी सरकार की उपलब्धियों पर अपने अपने विचार रखे तथा वर्मा सरकार के 4 साल के कार्यकाल को अभूतपूर्व बताया।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने अपने संबोधन कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं उपलब्धियों को जनता के सामने प्रस्तुत किया जाता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जनपद के समस्त नागरिकों को बेहतर सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, जनता जनार्दन का आभार व्यक्त किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम –
कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सुंदर सुंदर प्रस्तुतियों से दर्शकों को आह्लादित किया तथा सांस्कृतिक कलाकारों ने कुमाऊं की संस्कृति को मंच के माध्यम से लोगों से साझा किया। इसके अतिरिक्त स्कूली बच्चों ने भी शानदार प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोहा।
लाभार्थियों ने साझा किए अपने अनुभव –
कार्यक्रम में विभिन्न विभागीय योजनाओं से लाभान्वित हुए लाभार्थियों ने सरकारी योजनाओं से लाभ लेने के अपने अपने अनुभव साझा किए तथा सरकार का धन्यवाद किया।
विभिन्न विभागों द्वारा अपनी अपनी उपलब्धियों को लोगों से साझा किया गया तथा विभिन्न योजनाओं से लाभ लेने के तरीके बताए।
कार्यक्रम में धुरंधर धामी के रूप में सेल्फी प्वाइंट की भी स्थापना की गई थी। इस सेल्फी प्वाइंट पर बड़ी संख्या में लोगों ने सेल्फी लेकर तस्वीर को कैमरे में कैद किया।
22.50 लाख के चेक हुए वितरित
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक सहयोग के रूप में साढ़े बाइस लाख रुपए के चेक वितरित किए गए। इस आर्थिक सहयोग से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिए जाने के साथ साथ महिलाओं की आर्थिकी में वृद्धि होगी।
राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों तथा उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिकाओं का वितरण भी इस अवसर पर किया गया।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान से हुआ।
इस अवसर भाजपा जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य महेश नयाल, सदस्य पलायन आयोग अनिल साही , भाजपा के पदाधिकारी गौरव पांडे, गोविंद सिंह पिलख्वाल, बिट्टू कर्नाटक, रमेश बहुगुणा, रवि रौतेला, सिकंदर पंवार, मनोज सनवाल , विनीत बिष्ट, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उप जिलाधिकारी संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा दूर-दूर से आए ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया।

