ठगी की सनसनीखेज वारदात, बुजुर्ग महिला को झांसे में लेकर लाखों के जेवर ले उड़े शातिर

रुद्रपुर शहर में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कोतवाली क्षेत्र की शांति विहार कॉलोनी में शातिर ठगों ने एक बुजुर्ग महिला…

1200 675 26202950 thumbnail 16x9 pic 88 aspera

रुद्रपुर शहर में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कोतवाली क्षेत्र की शांति विहार कॉलोनी में शातिर ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को बातों में उलझाकर और मानसिक रूप से भ्रमित कर करीब 15 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण ठग लिए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

मिली जानकारी के अनुसार शांति विहार कॉलोनी निवासी बुजुर्ग महिला रजनी गर्ग रविवार दोपहर बाजार जाने के लिए घर से निकली थीं। जब वह रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचीं तो एक युवक उनसे मिला और किसी बाबा का हवाला देते हुए उनसे एक पते के बारे में पूछने लगा। महिला ने उसे रास्ता बताया और आगे बढ़ गईं। तभी कुछ दूरी पर दो अन्य व्यक्ति, जिन्होंने नकाब और हेलमेट पहन रखा था, उनके पास पहुंचे और बातचीत करने लगे।

दोनों लोगों ने महिला से कहा कि उनके घर पर किसी बुरी शक्ति का साया है, जिसके कारण परिवार में परेशानियां बनी हुई हैं। धीरे धीरे उन्होंने महिला को अपनी बातों में फंसा लिया और उसे इस तरह भ्रमित कर दिया कि वह उनकी बातों पर भरोसा करने लगी। महिला के मुताबिक उस समय वह ठीक से सोच नहीं पा रही थीं और ठग जो कह रहे थे, वह वैसा ही करती चली गईं।

इसके बाद आरोपियों ने महिला से घर और जेवरात के बारे में जानकारी ली। उनकी बातों में आकर महिला अपने घर पहुंची और अलमारी के लॉकर से करीब 12 से 13 तोले सोने के आभूषण निकाल लाई। महिला ने जेवर एक बैग में रखकर आरोपियों को दे दिए। ठगों ने महिला के सामने ही आभूषणों को सफेद कागज में लपेटा और धागे से बांधकर एक पोटली बनाकर उसे वापस थमा दी।
आरोपियों ने महिला से कहा कि भगवान का नाम लेते हुए घर जाना है और पीछे मुड़कर नहीं देखना है। साथ ही यह भी कहा कि रास्ते में पोटली नहीं खोलनी है, वरना उसके परिवार पर बड़ा संकट आ सकता है। डरी हुई महिला घर पहुंची और पोटली को मंदिर में रख दिया। कुछ देर बाद जब उसे शक हुआ तो उसने पोटली खोलकर देखी। अंदर जेवरों की जगह पत्थर रखे हुए थे। तब उसे अपने साथ हुई ठगी का पता चला।

इसके बाद महिला ने अपने बेटे और बहू को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
कोतवाली के एसएस अनिल जोशी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply