देहरादून। उत्तराखंड में फिलहाल मौसम साफ बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य में 8 मार्च से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। विभाग ने 8 से 11 मार्च के बीच कई पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार अभी दो दिन तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन 8 मार्च से कुछ जिलों में हल्की बारिश शुरू हो सकती है। इस दिन उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। इसके साथ ही गर्जना और बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है। लगभग 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।
9 मार्च को मौसम का दायरा और बढ़ सकता है। इस दिन उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक करीब 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिर सकती है।
10 मार्च और 11 मार्च को भी प्रदेश के इन्हीं पर्वतीय जिलों में मौसम का यही रुख रहने की संभावना जताई गई है। इन दिनों हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है।
वहीं राज्य में तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहा, जबकि पहाड़ी इलाकों में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया है। आने वाले दो से तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
इस बीच अगले महीने शुरू होने वाली चारधाम यात्रा को लेकर भी तैयारियां चल रही हैं। फिलहाल चारों धामों में कड़ाके की ठंड बनी हुई है। उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री धाम में अधिकतम तापमान लगभग -1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है।
यमुनोत्री धाम में अधिकतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। वहीं केदारनाथ धाम में अधिकतम तापमान लगभग 1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। बदरीनाथ धाम में भी अधिकतम तापमान करीब 1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष 19 अप्रैल से शुरू होने वाली है, जो करीब छह महीने तक चलेगी।
